पूर्णिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मक्के के खेत से 25 वर्षीय युवती का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के.नगर थाना क्षेत्र के बेला रिकाबगंज पंचायत, वार्ड संख्या 9 की है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रोजाना की तरह बांध के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी तेज दुर्गंध आने पर लोगों को शक हुआ। पास जाकर देखा तो मक्के के खेत के किनारे एक युवती का शव पड़ा मिला। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही के.नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया।

यह भी पढ़ें : मुजफ़्फ़रपुर में भारी भगदड़ : खेसारी यादव के नाम पर जुटी भीड़ बेकाबू—मेले में मचा हंगामा

मृतका कसबा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, युवती ने दो शादियां की थीं और फिलहाल पूर्णिया में किराए के मकान में रह रही थी। परिवार से उसका संपर्क भी काफी समय से टूटा हुआ था। घटनास्थल से पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने दो भाइयों—अल्तमश खान और माशूक खान—पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। नोट में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों के पिता आवेश आलम ने मामला दबाने के लिए 5 लाख रुपये लेकर चुप रहने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें : अचानक धड़ाम हुए सोना चांदी के दाम ! चांदी 1300 सस्ती, ट्रम्प के बयान से बाज़ार में मचा हडकंप

पुलिस ने नोट को जब्त कर उसकी सत्यता और हस्तलेखन की जांच शुरू कर दी है। साथ ही शव के पास से एक झोला भी मिला है, जिसमें कपड़े और जरूरी सामान रखे थे, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवती थाने जाने की तैयारी में थी। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।