बिहार के भागलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक एक बुजुर्ग की जान ले बैठी। मामला परबत्ता थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज-अगुवानी फोरलेन का है, जहां ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने वीडियो बनाते हुए एक पशुपालक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय कैलाश यादव उर्फ कैलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक खीराडीह गांव के निवासी थे और शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गंगा घाट से भैंस चराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक, जिस पर तीन युवक सवार थे, रील बनाते हुए संतुलन खो बैठी और सीधे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक भी डिवाइडर से जा टकराई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें : IPL 2026 का आज आगाज ! 10 पॉइंट्स में जानें IPL 2026 का पूरा खेल

घायल युवक की पहचान पसराहा थाना क्षेत्र के बन्देहरा गांव निवासी आयुष कुमार (23) के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैलाश यादव को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें : नीतीश कुमार जहां भी रहेंगे बिहार को करते रहेंगे बुलंद, निशांत और खेसारी लाल को लेकर निरहुआ ने कर दी बड़ी बात...

परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ किस तरह जानलेवा बनती जा रही है। रील्स के चक्कर में युवाओं द्वारा जोखिम उठाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो अब समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं।