गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय बजट को बताया विकसित भारत की नींव, NEET छात्रा मामले में भी कहा....
पटना: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट पेश किया जिसके बाद बिहार के गृह मंत्री ने राजधानी पटना में प्रेस वार्ता किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद कहा और कहा कि इस बजट से 2047 के विकसित भारत की नींव पड़ी है। उन्होंने कहा कि इस बजट में उत्पादकता में लचीलापन और आर्थिक विकास और उसकी गति बनाये रखने पर खास जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कई घोषणाएं काफी महत्वपूर्ण हैं जिससे देश और देश के हर परिवार का विकास होगा।
यह भी पढ़ें - 6 जनवरी को शंभू गर्ल्स हॉस्टल में क्या हुआ था? CCTV फूटेज आया सामने...
सम्राट चौधरी ने कहा कि वित्त मंत्री ने शहरों के आर्थिक क्षेत्र में विकास के लिए काम की भी घोषणा की है जिसका फायदा बिहार को भी मिलेगा। बजट में हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, राष्ट्रीय जलमार्ग, मेडिकल सेक्टर, जिला मुख्यालयों के अस्पतालों में आईसीयू और ट्रामा सेंटर, लोजिस्टिक्स कॉरिडोर और टेक्सटाइल पार्क का लाभ बिहार को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए रेल कॉरिडोर बनाने की बात हुई थी और यह रेल कॉरिडोर बिहार हो कर ही गुजरेगा। रेल सेक्टर में बिहार में पहले से ही 1 लाख करोड़ रूपये का प्रोजेक्ट चल रहा है। गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजधानी पटना में वाटर मेट्रो की भी जल्द ही शुरुआत की जाएगी। केंद्रीय बजट में बिहार के लिए की गई घोषणाओं के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देता हूँ।
इस दौरान गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने नीट छात्रा की मौत मामले में भी बात की और कहा कि इस मामले में सरकार ने संज्ञान लेकर हस्तक्षेप किया और पहले SIT का गठन किया गया। जांच की समीक्षा लगातार की जा रही है। परिवार और कुछ राजनीतिक बयानों से यह प्रतीत हुआ कि लोगों को जांच पर भरोसा नहीं है तो हमने उच्च स्तरीय जांच के लिए भेजा है। स्वतंत्र जांच के माध्यम से हमें बस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है।
यह भी पढ़ें - विकसित भारत 2047 की नींव है केंद्रीय बजट, बिहार के उद्यमियों ने कहा 'कुछ खास...'