पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है जिसके बाद अब नए मुख्यमंत्री चेहरा पर चर्चा तेज हो गई है। इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए एक तरफ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जहां नीतीश कुमार का कार्यकाल हमेशा याद किया जाने वाला पल बताया तो दूसरी तरफ नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सर्वसम्मति से तय किया जायेगा। वहीं दूसरी तरफ अगले सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने चुप्पी साध ली।
राजधानी पटना के गांधी मैदान के समीप स्थित मॉरिशस के प्रथम प्रधानमंत्री सर शिवसागर रामगुलाम की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे भाजपा नेताओं से जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के MLC पद से इस्तीफे के बारे में बात की गई तो इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार जब से मुख्यमंत्री बने उसके बाद जंगलराज खत्म किया। आज बिहार आगे बढ़ा है तो इसमें उनका बड़ा योगदान रहा है। वहीं नया मुख्यमंत्री भाजपा से बनाये जाने को लेकर उन्होंने कहा कि अभी तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं, और अगर कोई ऐसी कोई स्थिति बनती है तो फिर भाजपा, हमारे मुख्यमंत्री समेत सभी घटक दलों के नेता आपस में बैठ कर निर्णय लेंगे।
यह भी पढ़ें - बिहार को जल्द मिलेंगे 25 नए IAS, अधिकारियों की समस्या से जूझ रहे राज्य को मिलेगी राहत
वहीं उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि उन्हें राज्यसभा में शपथ लेना है। संवैधानिक बाध्यता है कि एक सदन की सदस्यता लेने के लिए दूसरे जगह की सदस्यता छोड़नी होती है। यहां से उन्होंने इस्तीफा दिया है तो राज्यसभा में नया दायित्व ग्रहण करेंगे। वहीं दूसरी तरफ डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी से जब मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने अपने दोनों हाथ जोड़ लिए और कोई भी बयान देने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें - नीतीश जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता, CM के MLC पद से इस्तीफा के बाद रोने लगे मंत्री अशोक चौधरी ने कहा...