पटना: राजधानी पटना की पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ ही अवैध नशा के कारोबार पर भी कार्रवाई कर रही है और कारोबारियों को गिरफ्तार भी कर रही है। एक बार फिर राजधानी पटना की पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध काफ सिरप बरामद करते हुए 4 कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी तरफ बीते दिनों राजधानी पटना में नारकोटिक्स विभाग की टीम पर हमला करने के आरोप में भी पुलिस ने 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पटना पुलिस ने दावा किया है कि शराबबंदी वाले बिहार में अगर कोई कानून का उल्लंघन कर अवैध नशा का कारोबार करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि राजधानी के गौरीचक थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 गाड़ियों में कोडिन युक्त अवैध काफ सिरप बरामद की। उन्होंने बताया कि गौरीचक थाना की पुलिस को अवैध प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाए जाने की सूचना पर वाहन जांच अभियान शुरू की गई और जब दो वाहनों की पहचान कर उन्हें रोका गया तो उसमें सवार कुछ लोग भागने में सफल रहे जबकि पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहनों की तलाशी लेने पर उसमें से 6800 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप भी बरामद किया गया।

यह भी पढ़ें    -     'नीतीश कुमार जिंदाबाद, सम्राट चौधरी गो बैक', पटना विश्वविद्यालय में छात्रों ने घेर लिया डिप्टी सीएम को फिर...

गोदाम से भी हजारों बोतल बरामद

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान कोई वैध कागजात पेश नहीं किया। वहीं पूछताछ के आधार पर उनकी निशानदेही पर गौरीचक थाना क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में छापेमारी की गई जहां से 5250 अतिरिक्त बोतल कफ सिरप बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बरामद सभी कफ सिरप कोडिनयुक्त हैं और प्रतिबंधित हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे लोग कफ सिरप कटिहार ले जा रहे थे जबकि बोतल पर उत्तर प्रदेश के उन्नाव में स्थित एक कंपनी का नाम और पता अंकित है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अररिया निवासी मो आदिल, कटिहार निवासी अनवर आलम, करण कुमार और बमबम कुमार के रूप में की गई।

की जा रही है कार्रवाई

सिटी एसपी ने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर अन्य तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। फ़िलहाल मास्टरमाइंड की पहचान नहीं हो सकी है और गिरफ्तार तस्कर सिर्फ कफ सिरप का परिवहन कर रहे थे। फ़िलहाल जब्त वाहनों के कागज के आधार पर उसके मालिकों की पहचान की जा रही है और तस्करी में शामिल सही लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

नकली नोट मामले में EOU जुटी जांच में

इसके साथ ही पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बीते दिनों राजधानी पटना में बरामद भारी मात्रा में नकली रूपये के मामले में भी जानकारी दी और कहा कि बीते दिनों राजधानी में दो लाख रूपये से अधिक नकली नोट बरामद हुए थे जिसमें मामले की सूचना आयकर विभाग, रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया और EOU की टीम को भी दी गई थी। मामले में EOU की टीम कार्रवाई में जुट गई है और जब्त नोट को जांच के लिए FICN में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में अगर नोट के हाई क्वालिटी होने की पुष्टि होती है तो आरोपियों के विरुद्ध UAPA की धारा में भी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में सभी संबंधित विभाग अपनी जांच कर रही है। वहीं नकली नोट कहाँ पर छपी थी इस सवाल के जवाब में सिटी एसपी ने कहा कि अभी इस मामले में अनुसंधान किया जा रहा है, जांच पूरी होने के बाद ही पूरी जानकारी दी जा सकेगी।

यह भी पढ़ें    -     नीतीश जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता, CM के MLC पद से इस्तीफा के बाद रोने लगे मंत्री अशोक चौधरी ने कहा...

नारकोटिक्स पर हमले के आरोप में 3 गिरफ्तार

वहीं दूसरी तरफ बीते 17 मार्च को राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चिन्ना कोठी में अवैध नशा के कारोबार के विरुद्ध छापेमारी में गई नारकोटिक्स विभाग की टीम पर हमला मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने 7 नामजद और करीब 60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है जिसमें तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि बीते 17 मार्च को नारकोटिक्स की टीम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने के लिए चिन्ना कोठी पहुंची थी और स्मैक बेचते हुए एक तस्कर आकाश धांगर को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद वहां आसपास मौजूद असामाजिक तत्वों ने टीम पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की।

आत्मरक्षा में करनी पड़ी थी फायरिंग

बता दें कि इस दौरान आत्मरक्षा में नारकोटिक्स की टीम ने दो राउंड फायरिंग भी की थी वहीं बाद में बुद्धा कॉलोनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया था और नारकोटिक्स की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला था। इस दौरान टीम ने आकाश धाँगर के पास से 6500 रूपये और स्मैक भी बरामद किया था। नारकोटिक्स की टीम पर हमला के आरोप में पुलिस ने 7 नामजद और 60 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया था जिसमें रविवार को 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार महिलाओं में से एक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

यह भी पढ़ें    -     नीतीश कुमार का इस्तीफा और अगला CM के सवाल पर सम्राट ने साधी चुप्पी, BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा...

पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट