पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा का चुनाव जीत चुके हैं लेकिन इसके बावजूद अभी उन्होंने सीएम पद से अपना इस्तीफा नहीं दिया है। राज्यसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सीएम ने राज्य में समृद्धि यात्रा की शुरुआत कर दी ठिया और चार चरणों में उन्होंने राज्य के कई जिलों का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान सीएम नीतीश ने जिलों को करोड़ों की सौगातें भी दी तो चल रही सरकारी योजनाओं का निरीक्षण और समीक्षा भी की साथ ही उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने स्थानीय लोगों से सरकार की योजनाओं का फीडबैक भी लिया और उनकी शिकायतें भी सुनीं।

सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा के चौथे चरण का शुक्रवार को समापन हो गया। चौथे चरण के अंतिम दिन उन्होंने गया जी और औरंगाबाद की यात्रा की जहां उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सीएम के चौथे चरण की यात्रा के समापन के साथ ही अब पांचवें चरण की भी घोषणा जारी कर दी गई है। सीएम नीतीश समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण में सोमवार से जिलों की यात्रा पर निकलेंगे। 23 मार्च को सीएम जहानाबाद और अरवल, 24 मार्च को कैमूर और रोहतास, 25 मार्च को भोजपुर और बक्सर तथा 26 मार्च को अपने गृह जिला में जायेंगे और उसी दिन पटना में उनकी यात्रा का समापन हो जायेगा।

यह भी पढ़ें       -     राज्यसभा चुनाव में मेरे पास भी आया था फोन लेकिन.., कांग्रेस विधायक ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा...

बता दें कि सीएम नीतीश अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान एक तरफ जहां सरकार की योजनाओं की समीक्षा और उसका निरीक्षण करते हैं तो दूसरी तरफ नई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी कर रहे हैं। इसके साथ ही वे स्थानीय लोगों से भी मुलाकात कर रहे हैं। इस यात्रा के दौरान सीएम जनसंवाद भी कर रहे हैं और हर जगह पर जनसभा के माध्यम से लोगों के बीच अपनी बात भी रख रहे हैं। सीएम जनसभाओं में अपने कार्यकाल के दौरान किये गए कामों की चर्चा करते हुए आगे भी बिहार की सेवा में लगे रहने का वादा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि सीएम नीतीश के राज्यसभा चले जाने के बाद बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा अब तक नहीं की गई है लेकिन पिछले कुछ दिनों से समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश का बर्ताव उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी के साथ जिस तरह से रहा है, उससे यह चर्चा तेज हो गई है कि सम्राट ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि अभी तक पार्टी या गठबंधन की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर जब भी NDA नेताओं से सवाल किया जाता है तो उनका कहना होता है कि सभी दलों के नेता आपस में बैठ कर यह विचार करेंगे कि अब बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी। इसके साथ ही कई नेताओं ने सीएम नीतीश की पसंद के नेता को ही सीएम बनाये जाने की भी बात कहीं। वहीं नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम भी सामने आ रहा है लेकिन माना जा रहा है कि इस बार मुख्यमंत्री भाजपा से होंगे जबकि निशांत को उप मुख्यमंत्री का पद दिया जा सकता है।

यह भी पढ़ें       -     शराब चीज ही ऐसी है..., छापेमारी के दौरान उलझ गये दो विभाग के कर्मी और हुई मारपीट, एक जख्मी...