सारण: बिहार में सरकार की तरफ से भी अपराध पर अक्सर दावा किया जाता है कि अब अधिकतम आपराधिक घटनाएं जमीनी विवाद की वजह से होती है। हालांकि जमीनी विवाद के निपटारे और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की तरफ से लगातार प्रयास भी किये जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री तथा भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री विजय सिन्हा जमीनी विवादों के ससमय निपटारे को लेकर विभिन्न जिलों में जन संवाद कार्यक्रम कर खुद लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं और अधिकारियों को कई निर्देश भी दे रहे हैं।

इसी कड़ी में सारण में जन संवाद कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा के सामने एक मार्मिक तस्वीर देखने को मिली। जन संवाद कार्यक्रम में आर्मी जवान सहदेव अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे जो डिप्टी सीएम को अपनी परेशानी बताते हुए रोने लग गये और आत्महत्या करने की बात तक कह डाली। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने उन्हें ढाढस बंधाया और उचित सहयोग और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने जिलाधिकारी तथा एसपी को भी त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें   -    PMCH के पैथोलॉजी विभाग में लगी आग, अफरातफरी के बीच दमकल विभाग की टीम...

दरअसल आर्मी जवान सहदेव ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि जमीन के विवाद ने उनका परिवार ही बर्बाद कर दिया। जमीन विवाद की वजह से पहले उनके पिता की मौत हो गई साथ ही उनके चाचा को ब्रेन हेमरेज हो गया। मुझे जिला प्रशासन पर भरोसा है लेकिन स्थानीय स्तर के अधिकारियों से हर जगह निराशा ही हाथ लगी है। अब हम कार्यालयों और अधिकारियों के चक्कर काट कर थक गए हैं और ऐसा लगता है कि मुझे भी आत्महत्या करना पड़ेगा।

आर्मी जवान की बात सुन डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर आप ही हार मान लेंगे तो परिवार का सहारा कौन बनेगा। उन्होंने आर्मी जवान को त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा जिलाधिकारी को जल्द संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने एसपी को भी कहा कि सैनिक, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, दिव्यांग और विधवा जैसे वर्गों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाये।

यह भी पढ़ें   -   अनंत सिंह के महादंगल का रोमांच: मोकामा में भारत और विदेश के पहलवान आमने-सामने