पटना: दानापुर रेल मंडल की रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है साथ ही उसके पास से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार चोर का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले कई बार चोरी और तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। मामले को लेकर दानापुर रेल डीएसपी कंचन राज ने जो खुलासे किये वह पढ़ आप भी हैरान रह जायेंगे। बताया जा रहा है कि चोर टीटी के वेश में ट्रेनों में सवार होता था और यात्रियों का सामान लेकर उतर जाता था।

मामले को लेकर रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि बीते दिन उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी संजीव कुमार ने रेल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान दानापुर रेलवे स्टेशन के समीप उनका दो पर्स चोरी हो गया जिसमें तीन मोबाइल, 20 हजार रूपये नकद और अन्य कई सामान थे। सूचना के आधार पर रेल पुलिस ने छानबीन शुरू की और सीसीटीवी फूटेज को खंगाला गया। सीसीटीवी फूटेज में हमें दिखा कि टीटी के वेश में एक व्यक्ति उल्टी दिशा में बोगी से नीचे उतर कर दूसरे ट्रैक पर खड़ी ट्रेन के नीचे से पार कर दूसरे प्लेटफार्म पर चला गया। 

यह भी पढ़ें   -    बढ़ते गैस और बिजली की दरों के विरुद्ध पटना में कांग्रेस नेताओं का हल्लाबोल, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा प्रधानमंत्री गलबहियां कर...

उक्त व्यक्ति की हरकतों से हमें संदेह हुआ और फिर दूसरे प्लेटफार्म के सीसीटीवी फूटेज को खंगाला गया। अन्य सीसीटीवी फूटेज खंगालने के बाद हमें वही व्यक्ति चोरी गए एक पर्स के साथ भी दिखा। कुछ देर बाद उसने टोपी, चश्मा पहन कर अपने चेहरे पर मास्क लगाया और कैपिटल एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो कर आरा की तरफ रवाना हो गया। हमने दानापुर रेल पुलिस से संपर्क की और वहां पर हमने सीसीटीवी फूटेज तथा अन्य टेक्निकल और मानवीय आसूचना के आधार पर नया भोजपुर निवासी रामनरेश पांडेय के घर छापेमारी की।

रेल डीएसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान उक्त व्यक्ति अपने घर पर नहीं मिला और जब मोबाइल से उसका लोकेशन ट्रैक किया गया तो वह पटना  जंक्शन पर करबिगहिया की तरफ मौजूद था। रेल पुलिस दानापुर, आरा और DIU की टीम ने छापेमारी कर कायमनगर से आरोपी को गिरफ्तार किया और पुलिस पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने चोरी का तीनों मोबाइल फोन, 20 हजार रूपये नकद भी पुलिस को सौंपे।

गिरफ्तार चोर का आपराधिक इतिहास खंगालने के बाद सामने आया कि वह सोना स्मगलिंग, ड्रग स्मगलिंग समेत कई अन्य जगहों से गिरफ्तार हो कर जेल जा चुका है। इतना ही नहीं उसकी पत्नी भी जेल जा चुकी है और वह स्थानीय स्तर पर बंटी बबली के नाम से प्रसिद्ध भी है। रेल डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार चोर टीटी का वेश धारण कर ही चोरी करता है। फ़िलहाल गिरफ्तार चोर से पूछताछ के बाद कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें   -    आर्मी जवान ने डिप्टी सीएम को कहा 'अब मन करता है मैं भी...', विजय सिन्हा ने कहा 'आप ऐसा करेंगे तो फिर... और DM को...'