पटना: उप मुख्यमंत्री रहते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने स्कूल और कॉलेज की छात्राओं को सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शक्ति सुरक्षा दल के गठन करने की घोषणा की थी। अब राजधानी पटना में शक्ति सुरक्षा दल की टीम ने काम करना शुरू भी कर दिया है। बीते दिनों राजधानी पटना में छात्राओं को परेशान करने वाले लड़के के एक ग्रुप को भी बातचीत के जरिए समझाया गया और अब छात्राओं को कोई परेशानी नहीं हो रही है। मामले की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि बीते दिनों शक्ति सुरक्षा दल की टीम को एक कोचिंग की छात्राओं ने फोन कर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें लड़कों का एक ग्रुप फोन कर और अन्य तरीकों से परेशान कर रहा है ।
सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद शक्ति सुरक्षा दल की टीम ने छात्राओं से संपर्क कर पूरी जानकारी ली और फिर लड़कों को फोन कर समझाया जिसके बाद अब छात्राओं को कोई दिक्कत नहीं हो रही है। वहीं एक अन्य मामले में कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित एक स्कूल की छात्रा के साथ छेड़खानी की बात सामने आई थी। टीम ने जब मामले की छानबीन की तो पता चला कि किसी विक्षिप्त ने व्यक्ति ईंट पत्थर लेकर छात्रा को डराया था। सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि राजधानी में छात्राओं की सुरक्षा के लिए शक्ति सुरक्षा दल लगातार कार्यरत है। सिटी एसपी ने शक्ति सुरक्षा दल का हेल्पलाइन नंबर 9296598170 तथा 9296580210 जारी किया है।