पटना: भाजपा के नेता और बिहार के पूर्व गृह मंत्री सह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब बिहार के सीएम बन गए हैं। सम्राट के सीएम उनके परिवार और पार्टी में हर्ष और उल्लास का माहौल है। इस बीच अब सीएम सम्राट के पिता शकुनी चौधरी भी काफी भावुक नजर आये। उन्होंने इस क्षण को परिवार के लिए गौरव का समय बताया और कहा कि जो मुकाम मैं हासिल नहीं कर सका वह मेरे बेटे ने कर दिखाया।
सीएम सम्राट के पिता शकुनी चौधरी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कई सालों तक संघर्ष किया और लव कुश समीकरण को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। समता पार्टी तथा हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा जैसे दलों के निर्माण में भी योगदान दिया, बावजूद इसके वह मुख्यमंत्री पद तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि बेटे सम्राट का इस पद तक पहुंचना उनके लिए एक सपना पूरा होने जैसा है।
यह भी पढ़ें - CM बनते ही सम्राट ने दोहराई विकास की प्रतिबद्धता, कहा 'मोदी-नीतीश मॉडल के मिश्रण से चलेगी सरकार'
शकुनी चौधरी ने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि बड़े नेताओं के भरोसे का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। किसी भी नेता को जिम्मेदारी तभी मिलती है जब उसमें खास क्षमता और नेतृत्व की ताकत हो। जब भाजपा और जदयू जैसे अलग अलग राजनीतिक विचारधारा वाली पार्टियां जब एक नाम पर सहमत होती हैं तो यह उस नेता की स्वीकार्यता को दिखाता है। सम्राट चौधरी ने न सिर्फ अपनी पार्टी, बल्कि गठबंधन के सभी नेताओं और जनता का भरोसा जीता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
यह भी पढ़ें - 'Elected CM को हटा कर Selected मुख्यमंत्री बनने पर बधाई', तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सम्राट को दी शुभकामनायें