पटना: लंबे इंतजार के बाद सम्राट चौधरी भाजपा की तरफ से बिहार में मुख्यमंत्री बने हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही सम्राट ने सबसे पहले पदभार ग्रहण किया और फिर अधिकारियों के साथ बैठक भी की और फिर भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री बनने के साथ ही सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की गति रुकने नहीं दी जाएगी बल्कि अब और भी नए जोश के साथ डबल इंजन की रफ्तार पकड़ेगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के विकास का खाका नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल के संगम पर आधारित होगा। उन्होंने एक बार फिर से दुहराया कि पिछले दो दशक से बिहार जिस सुशासन और स्थिरता के साथ आगे बढ़ रहा है उसी पैटर्न को आगे भी मजबूती दी जाएगी। माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी ने गठबंधन में घटक दलों के बीच समन्वय बनाने की प्रतिबद्धता बनाये रखने को लेकर इस तरह का बयान दिया है। इसके साथ ही सम्राट ने बिहार में विकास को सर्वोपरी और प्राथमिकता बताया है।
यह भी पढ़ें - शपथ के साथ ही किया पदभार ग्रहण और अधिकारियों के साथ बैठक, फिर सम्राट पहुंचे BJP ऑफिस
शपथ ग्रहण के बाद सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी नेतृत्व और जनता का भी आभार जताया और लिखा कि विकास और समृद्धि की दिशा में उनका हर कदम समर्पित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य NDA के सामूहिक परिश्रम और मार्गदर्शन में एक सशक्त बिहार का निर्माण करना है। इसके साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के विश्वास को अपने लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बताया और कहा कि यह नई सरकार अनुभव और युवा जोश का एक संतुलित मिश्रण होगी जो विकसित बिहार के सपने को पूरा करेगी।
यह भी पढ़ें - 'Elected CM को हटा कर Selected मुख्यमंत्री बनने पर बधाई', तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सम्राट को दी शुभकामनायें





