शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा में भूमि विवाद की वजह से दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया वहीँ पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई वहीं बताया जा रहा है कि तीन लोग हिरासत में भी लिए गए हैं। फ़िलहाल मौके पर तनाव का माहौल है। घटना शेखपुरा के सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव की है जहां बीती रात जमीनी विवाद की वजह से दो पक्षों के बीच गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान पूना यादव उर्फ़ परमेश्वर यादव और संतोष यादव के रूप में की गई। मृतक पूना यादव के परिजनों ने बताया कि बीती देर रात गेंहू का दौनी कार्य चल रहा था। एक खेत में काम पूरा हो जाने के बाद ट्रैक्टर दूसरे खेत में जा रहा था इसी दौरान खेतों की मेड पर गाड़े एक ईंट पर ट्रैक्टर चढ़ गया जिसके बाद राजेश यादव और संतोष यादव के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है और एक बार फिर बीती रात विवाद शुरू हुआ। इस विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने हथियार भी निकाल लिए और गोलीबारी करने लगे। इसी दौरान दोनों का झगड़ा रोकने के लिए मेरे दादाजी आगे गए तो एक ने उन्हें गोली मार दी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें   -    सम्राट के CM बनने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज, सुबह सुबह बेउर जेल में हुई छापेमारी तो मिली...

वहीं इस दौरान गोलीबारी में संतोष यादव को भी गोली लगी थी जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया गया था जहां से डॉक्टर ने विम्स पावापुरी रेफर कर दिया था। उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई जिसके बाद उसका भी शव वापस लाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी वहीँ मामले को लेकर राजेश यादव, अमृत यादव और कैलाश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सिरारी थाना की पुलिस ने तीनो को हिरासत में लेने के बाद नगर थाना में ला कर रखा है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें   -    CM सम्राट से मिलने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सम्राट ने हाथ जोड़ किया स्वागत, करीब 20 मिनट हुई बातचीत