पटना: राजधानी पटना में बीते 14 मार्च की रात्रि एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने जांच के दौरान और पूछताछ के आधार पर गोली लगने से जख्मी व्यक्ति के बेटे समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार समेत कारतूस और एक बाइक भी जब्त की है। फ़िलहाल पुलिस अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद में बेटे ने ही अपने पिता पर जानलेवा हमला करवाया था।

घटना की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि बीते 14 मार्च को शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। घटना के बाद जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना के संबंध में सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि जख्मी शिव कुमार यादव को उनके बेटे और समधी ने ही साजिश के तहत गोली मारी थी। घटना के पीछे कुछ पारिवारिक और जमीनी विवाद सामने आया है। फ़िलहाल पूरे मामले की तहकीकात जारी है और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ अगर किसी अन्य की संलिप्तता पाई जाती है तो उसे भी गिरफ्तार किया जायेगा।

यह भी पढ़ें    -   नीतीश के बेटे निशांत रहेंगे अब Z श्रेणी सुरक्षा घेरे में, दोनों डिप्टी CM की सिक्यूरिटी बढ़ी तो विजय सिन्हा की हो गई कम

सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि घायल व्यक्ति के फर्दबयान के आधार पर पुलिस ने उनके बेटे समेत दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज छानबीन शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जख्मी के पुत्र ओंकार को थाना पर बुला कर पूछताछ की थी और इस दौरान जख्मी व्यक्ति ने संदिग्ध बताया तो फिर उसे छोड़ दिया गया था। बाद में मामले की जांच के लिए एक SIT गठित की गई। छानबीन के दौरान सामने आया कि जख्मी के दूसरे पुत्र दीपक कुमार और समधी मिथिलेश यादव और एक अन्य व्यक्ति नरेश यादव की संलिप्तता है। पुलिस ने छापेमारी कर इन तीनो लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर दो देशी कट्टा, 8 एमएम का दो जिन्दा गोली, 8 एमएम का एक खोखा और .303 एक जिन्दा कारतूस, एक मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किसी घरेलू विवाद में इन लोगों के बीच कुछ सहमति नहीं बन पा रही थी इसलिए उन्होंने अपने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई। घटना की साजिश जख्मी के बेटे और समधी ने बनाई थी और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल किया। फ़िलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में जानकारी इकठ्ठा कर रही है और बाद में उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा।

यह भी पढ़ें    -   24 को होगी सम्राट सरकार की अग्नि परीक्षा, सदन में साबित करना होगा बहुमत

YouTube Video