darsh news

डेढ़ दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुस मचाया तांडव, भागते वक्त किये कई बम धमाके...

sitamarhi me lootpat

सीतामढ़ी: एक तरफ बिहार में सरकार और पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसने का दावा करती है तो दूसरी तरफ अपराधियों पर कानून का खौफ बिल्कुल नहीं दिखाई दे रहा है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि पुलिस थाना के आसपास भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है सीतामढ़ी से जहां अपराधियों ने थाना और एसएसबी कैंप से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर एक घर में घुस कर डाका तो डाला ही दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से बम के कई धमाके भी किये और आराम से भाग भी निकले।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के सीसीटीवी फूटेज भी जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना सीतामढ़ी के कन्हौली बाजार की है जहां शुक्रवार की देर रात करीब डेढ़ दर्जन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बना कर करीब दस लाख रूपये की संपत्ति लूट ली।

यह भी पढ़ें     -   बिहार को केंद्र सरकार ने दी बड़ी सौगात, खोले जायेंगे 19 नए केंद्रीय विद्यालय...

घटना के संबंध में पीड़ित गृहस्वामी रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि वह अपने घर में ही जनरल और किराना की दुकान चलाते हैं। बीती रात उनका पुत्र शत्रुघ्न गुप्ता अपनी बीमार मां के लिए दवा लाने बाहर गए थे और लौटते ही घर के बाहर घात लगाये हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। घर के बाहर शोरगुल की आवाज सुन जब वे बाहर निकले तो अपराधियों ने उन्हें भी कब्जे में ले लिया और उनके ही घर में बंधक बना कर लूटपाट की। पीड़ित ने बताया कि लूटपाट के दौरान ही दोनों पिता पुत्र किसी तरह से भागने में सफल रहे और फिर बाजार की तरफ भागते हुए उन्होंने घर में डकैत होने की जानकारी लोगों को दी। इसके बाद आसपास के लोग जब मौके पर जुटने लगे तो अपराधियों ने दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से बम के कई धमाके किये।

पीड़ित परिवार ने बताया कि अपराधियों ने सोने चांदी के आभूषण समेत करीब 70 हजार रूपये नकद लूट लिए। घटना की सूचना पर मौके पर कन्हौली थाना की पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है वहीं लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किये। घटना को लेकर थानाध्यक्ष बीरबल कुशवाहा ने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन कर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। गृह स्वामी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की छानबीन की जा रही है।

यह भी पढ़ें     -   गयाजी के विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे निशांत, पॉलिटिकल एंट्री के सवाल पर...


Scan and join

darsh news whats app qr