पटना जिले के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना एक बार फिर रेलवे ट्रैक के पास बरती जाने वाली लापरवाही के खतरनाक अंजाम की याद दिलाती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पटना की ओर से आ रही वंदे भारत ट्रेन जैसे ही स्टेशन के पास पहुंची, उसी दौरान एक युवक प्लेटफॉर्म से उतरकर ट्रैक की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि वह खैनी थूकने के लिए पटरी के करीब गया था। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन का अंदाजा वह नहीं लगा सका और कुछ ही पलों में वह उसकी चपेट में आ गया।
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह के रोड शो को लेकर BJP के मंत्री ने कही बड़ी बात, चिराग पासवान और राहुल गांधी को भी...
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर प्लेटफॉर्म के पास गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग सहम गए। तुरंत रेल थाना बाढ़ को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सिर में आई गंभीर चोटों के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में शोक और भय का माहौल है।
यह भी पढ़ें: जमुई हादसा: चैती छठ पूजा से लौट रहीं बहनों को नहीं था अंदाजा, रास्ते में हो जाएगी मौत
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। रेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के पास किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, क्योंकि एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।