नालंदा: नालंदा में गुरुवार को तेज रफ़्तार ने 2 युवकों की जिंदगी छीन ली वहीँ तीन अन्य मौत से जंग लड़ रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुँचाया जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन का गंभीर हालत में इलाज जारी है। घटना नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के सालेपुर मोड़ और गौढापर गांव के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच युवक कहीं घुमने जा रहे थे इसी दौरान उनका वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया और दो की मौत हो गई।
घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि चंडी इंजीनियरिंग कॉलेज के पांच छात्र एक स्कॉर्पियो में सवार हो कर कहीं घुमने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चंडी की तरफ से स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में आ रही थी और अचानक अनियंत्रित हो कर सड़क से करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी जिसमें गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी और राहत बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुँचाया जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें - RJD ने कहा MLA पर होगी कार्रवाई, BJP ने तेजस्वी को दी चुनौती 'है हिम्मत तो..'
मृतकों की पहचान आशीष कुमार और राहुल कुमार के रूप में की गई है। हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक छात्रों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। मामले में चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार तथा वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। दोनों मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी जा रही है साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा कि दुर्घटना का मुख्य कारण क्या था।
यह भी पढ़ें - बाहुबली विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत तो गांव में मानी होली और दिवाली, समर्थकों ने कहा...
नालंदा से मो महमूद आलम की रिपोर्ट