पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित होने के 14वें दिन सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री के इस्तीफा को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा की साजिश करार देते हुए कई और मामले को लेकर तंज कसा। उन्होंने पश्चिम बंगाल और केरल चुनाव के बाद डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का भी दावा किया साथ ही बिहार में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी तंज सकते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को ठगा और सिर्फ सत्ता पाने के चक्कर में रहते हैं। उन्होंने कहा नीतीश कुमार के साथ भाजपा के विधायक और नेताओं की भावुकता को ड्रामा बताया साथ ही नाम लिए बगैर मंत्री अशोक चौधरी पर भी तंज कसा। उन्होंने बीते दिनों बिहार में आंधी तूफान और बारिश में किसानों की क्षति को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि 2012 के बाद से बिहार की सरकार लगातार अस्थिर है। तेजस्वी ने इस दौरान केरल में चुनाव लड़ने और चुनाव प्रचार के लिए तीन दिवसीय दौरे पर जाने की भी बात बताई और अपने गठबंधन की सरकार दुबारा बनने का दावा किया।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर कहा कि उनकी इक्षा के विरुद्ध दबाव में उन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है। भाजपा के लोग सत्ता के लोभ में किसी को भी ठग सकते हैं, उन्होंने नीतीश कुमार को भी ठगा और बिहार की जनता को भी ठगा है। हमलोग पहले से कह रहे हैं कि उन्हें भाजपा मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देगी जो आज साबित हो गया है। दूसरी बात इनलोगों ने चुनाव में जो धन तंत्र और मशीन तंत्र लगाया था और महिलाओं से वादा किया था कि दो लाख रूपये मिलेंगे। चुनाव के वक्त 10 हजार दिए गए और 1 लाख 90 बाद में दिए जाने की बात कही थी जो अब पता नहीं कब मिलेगा। दूसरी तरफ इन लोगों ने जो 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात कही थी, जिसमें हमने कहा था कि 200 यूनिट फ्री देंगे। चुनाव से पहले से देश में सबसे महंगा बिजली बिहार में है और एक बार फिर से बढ़ाया गया है। यह केवल ठगों की सरकार है, जनता को ठगा, नीतीश जी को ठगा और जो अपनों को ठग सकते हैं तो समझ जाइये बिहार की क्या स्थिति होने वाली है।

यह भी पढ़ें     -     “इस्तीफे के पीछे क्या है बड़ा खेल? बिहार की राजनीति में मचा हड़कंप!”

तेजस्वी यादव ने गैस, डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने का भी दावा किया और कहा कि केरल और पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होने के साथ ही डीजल और पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि होगी। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर खराब है। कोई ऐसा दिन नहीं है जिस दिन गोलियां न चलती हों, हत्या न हो रही हो लोगों को इंसाफ नहीं मिल रही है लेकिन भाजपा सिर्फ सत्ता पाने में लगी हुई है। इस दौरान उन्होंने बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा के सवाल पर कहा कि इसमें हम कुछ नहीं कह सकते हैं कि कब और किसे बनायेंगे। लेकिन यह तय हो गया है कि भाजपा ने नीतीश जी को ठगा है और यह स्पष्ट भी हो गया है कि नीतीश जी अब बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। वहीं उन्होंने नीतीश कुमार के लिए भाजपा के नेता के रोने के सवाल पर कहा कि ये लोग कैमरा देख कर नौटंकी करने लगते हैं तो ऐसे लोगों को एक्टिंग मुबारक हो। आजकल लोग तो पढ़ा भी रहे हैं और कलाकारी भी कर रहे हैं तो ऐसे लोगों पर हम क्या टिप्पणी करेंगे। 

तेजस्वी ने कहा कि बिहार के जो ज्वलंत मुद्दे हैं, उसका निष्पादन नहीं किया जा रहा है। ओलावृष्टि से किसानों का जो नुकसान हुआ उसका मुआवजा नहीं दिया गया। कोई भी किसान, मजदूर, दवाई, पढाई, रोजगार की बात ही नहीं कर रहा है, कौन आएगा कौन जायेगा से क्या मतलब है। 2012 के बाद से बिहार में स्थिर सरकार नहीं है। सरकार में जब तक स्थिरता नहीं हो पायेगी तब तक विकास कहाँ से हो पायेगा। इस दौरान उन्होंने केरल जाने के सवाल पर कहा कि वहां हमारा LDF से गठबंधन हुआ है। तीन सीटों पर हम चुनाव लड़ रहे हैं। वहां पहले से भी हमारे विधायक हैं। केरल हमारा 3 दिनों का कार्यक्रम है और फिर झारखंड में 5 अप्रैल को कार्यक्रम है। पार्टी और सन्गठन को मजबूत करना तथा विस्तार करना हमारा काम है।

यह भी पढ़ें     -     जेडीयू नेताओं की लगातार बैठकों से सियासत गरम, अनंत सिंह बोले “दुख तो लगता है…”—क्या नीतीश करेंगे बड़ा ऐलान?

तेजस्वी ने कहा कि केरल में साक्षरता दर सबसे अधिक है, विकास सबसे अधिक हुआ है। हमलोग वहां मौजूदा सरकार का अंग हैं और हम चाहते हैं कि एक बार फिर से यही सरकार बने। वहीं उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर कहा कि बिहार में तो उनकी ही सरकार थी। चुनाव से पहले थाना प्रभारी से लेकर बड़े अधिकारी तक का ट्रांसफर किया गया, यह किसको नहीं पता है। चुनाव आयोग को तो सिर्फ वही करना है जो उन्हें लिख कर आता है। कॉपी पेस्ट कर ऑर्डर जारी करना है। ऑर्डर कहीं और से आता है और चुनाव आयोग अपना निर्णय लिए बगैर कॉपी पेस्ट करता है। जिन राज्यों में चुनाव है वहां हम अपनी पूरी शक्ति लगा कर जीत हासिल करेंगे। 

इस दौरान तेजस्वी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जान का खतरा वाले बयान पर कहा कि बंगाल और केरल में भाजपा नहीं आने वाली है, दोनों जगहों पर उसकी करारी हार होनी है। वहीं उन्होंने निशांत के राजनीतिक भविष्य को लेकर कहा कि अगर कोई नौजवान राजनीति में आता है तो हम उस पर कोई टीका टिप्पणी नहीं करेंगे बल्कि उसका स्वागत ही करेंगे।

यह भी पढ़ें     -     सीएम कुर्सी पर किसकी नजर? बीजेपी vs जदयू में ‘निशांत’ की एंट्री से बढ़ा सस्पेंस!