बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में वैशाली जिले की शाबरीन परवीन ने 492 अंक हासिल कर टॉपर बनकर एक नई मिसाल कायम की है। हाजीपुर के छौराही गांव की रहने वाली शाबरीन की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले को गर्व से भर दिया है। उनकी सफलता की खबर फैलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया और लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।

शाबरीन का सफर आसान नहीं रहा। सीमित संसाधनों के बीच गांव में रहकर उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और कठिन परिस्थितियों के बावजूद हार नहीं मानी। उनके पिता मो. सज्जाद पश्चिम बंगाल के रामपुर हाट में टायर का व्यवसाय करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने हमेशा शाबरीन की पढ़ाई को प्राथमिकता दी।

यह भी पढ़ें : सीएम कुर्सी पर किसकी नजर? बीजेपी vs जदयू में ‘निशांत’ की एंट्री से बढ़ा सस्पेंस!

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी शाबरीन बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रही हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। शिक्षकों का कहना है कि शाबरीन हमेशा से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रहीं और उन्होंने हर विषय में शानदार प्रदर्शन किया। गांव के लोगों का मानना है कि शाबरीन की यह सफलता उन छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखने की हिम्मत रखते हैं। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें : बिहार की सियासत में बड़ा खेल! बागी विधायक की ‘सीक्रेट मुलाकात’ से बढ़ा सस्पेंस

शाबरीन की इस कामयाबी पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।