गोपालगंज: शुक्रवार को रामनवमी और चैत्र का पर्व पूरा देश धूमधाम से मनाया जा रहा है। चैत्र नवरात्र और रामनवमी के अवसर पर बिहार के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भी उमड़ रही है। इसी कड़ी में गोपालगंज के थावे मंदिर में भी दर्शन और पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। थावे शक्तिपीठ में अहले सुबह से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा का भी पुख्ता इंतजाम किया गया है।
थावे मंदिर में महिला-पुरुष समेत सभी श्रद्धालु कतार में खड़े हो कर दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिख रहे हैं। मंदिर परिसर के साथ ही आसपास के इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है जबकि जगह जगह सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए हर तरह की सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।
यह भी पढ़ें - रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में जुटी है भारी भीड़, दर्शन की अवधि बढाई गई, 12 बजे सूर्यदेव करेंगे तिलक...
इसके अलावा कुचायकोट और उचकागांव थाना क्षेत्र की सीमा पर बाड गंगा गंडक नदी के किनारे स्थित घोड़ा घाट मां दुर्गा मंदिर में भी भारी भीड़ देखी गई। यहां भी सुबह से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे। स्थानीय मान्यता के अनुसार, भक्त रहशु के बुलावे पर मां कामाख्या से चली तो थावे जाने के पहले घोड़ा घाट पर आई और विश्राम किया था। इसके बाद मां थावे पहुंचीं, जहां उन्होंने भक्त रहशु को अपने दिव्य स्वरूप का दर्शन कराया। इसी आस्था के कारण दोनों स्थानों पर विशेष धार्मिक महत्व है और चैती नवरात्र की दशमी पर यहां भक्तों की भीड़ उमड़ती है। प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच गोपालगंज में चैती नवरात्र की दशमी का पर्व शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हो रहा है।
यह भी पढ़ें - रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में लगी है श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जय श्री राम से गूंज रहा राजधानी...
गोपालगंज से शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट