पटना: रामनवमी के अवसर पर राजधानी पटना में माहौल भक्तिमय बना हुआ है। शहर के विभिन्न इलाकों में जहां मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों से शोभायात्रा की भी तैयारी की गई है। रामनवमी पर शोभायात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही इन मार्गों पर सुरक्षा का भी विशेष प्रबंध किया गया है जबकि सीसीटीवी से भी निगरानी की जाएगी।
पटना जिला प्रशासन ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है और शाम के समय पटना की सड़कों पर निकलने वाले लोगों को सलाह दिया है कि रूट देख कर ही बाहर निकलें। जिला प्रशासन के अनुसार बेली रोड और बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर जाने वाले सभी रास्तों को ब्लॉक कर दिया जायेगा। झांकी के आगमन के दौरान किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।
यह भी पढ़ें -
लोहिया पथ चक्र से गांधी मैदान जाने वाले लोगों को आयकर गोलंबर से न जाने की सलाह दी गई है। वे लोग वैकल्पिक मार्ग के तौर पर बोरिंग रोड और राजपुल होते हुए गंतव्य तक जा सकते हैं। इसके साथ ही पटना जंक्शन या आर ब्लॉक जाने वाले वाहनों को सर्किट हाउस के रास्ते डाइवर्ट किया जायेगा और सर्किट हाउस से आर ब्लॉक के ऊपर से जीपीओ फ्लाईओवर या चिरैयातांड फ्लाईओवर के रास्ते जाना होगा। ब्लॉक किये गए मार्गों और डायवर्सन पर सभी जगहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है साथ ही हर जगह साइन बोर्ड भी लगाये गए हैं।

बता दें कि रामनवमी के अवसर पर राजधानी पटना में कुल 52 शोभायात्राएं निकलेंगी जो विभिन्न इलाकों से निकल कर राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहा पहुंचेगी। डाकबंगला चौराहा पर सभी शोभायात्राओं का स्वागत किया जायेगा। रामनवमी पर्व को लेकर डाकबंगला चौराहा पर भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय एवं राज्य के कई मंत्रियों के साथ ही रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल भी उपस्थित रहेंगे।
यह भी पढ़ें -




