मोतिहारी शहर में रसोई गैस की किल्लत ने शुक्रवार को बड़ा रूप ले लिया, जब आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बरियारपुर चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने खाली गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ ही देर में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस अचानक हुए जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: तेल संकट के बीच भारत का बड़ा दांव ! टैक्स कट, सप्लाई पर सरकार का बड़ा दावा—सच क्या है?

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। एजेंसियों के चक्कर लगाने के बावजूद सप्लाई नहीं हो रही, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। बढ़ती परेशानी और प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थिति को नियंत्रित करने में कुछ समय लगा। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और कई जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

यह भी पढ़ें: रामनवमी की शाम निकलने वाले हैं पटना की सड़कों पर तो जरुर पढ़ें यह खबर, इन रास्तों पर निकलना होगा...

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क जाम कर कानून व्यवस्था बाधित करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में गश्ती पदाधिकारी और ट्रैफिक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानूनी रास्ता अपनाने की अपील की है।