Join Us On WhatsApp

भक्ति के जुलूस में बेहूदे गीत, टोकने पर लड़की के साथ छेड़खानी

कैमूर में मूर्ति विसर्जन के दौरान अश्लील गाने का विरोध करना एक लड़की को भारी पड़ गया। विरोध करने पर असामाजिक तत्वों ने उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

EVE TEASING DURING VISARJAN
भक्ति के जुलूस में बेहूदे गीत, टोकने पर लड़की के साथ छेड़खानी- फोटो : Darsh News

कैमूर जिले से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां मूर्ति विसर्जन के दौरान अश्लील गाना बजाने का विरोध करने पर एक लड़की के साथ छेड़खानी और मारपीट की गई। यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरहन गांव की है। इस घटना में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव में मूर्ति विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान कुछ लोग तेज आवाज में अश्लील गाने बजा रहे थे। जुलूस में मौजूद एक लड़की ने इसका विरोध किया और गाना बंद करने की बात कही। इसी बात से नाराज कुछ असामाजिक तत्वों ने लड़की के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसके साथ छेड़खानी की और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह भी पढ़ें: NEET छात्रा मामला: SI रौशनी कुमारी की लापरवाही पर उठे सवाल, 3 दिन तक छूटा घटनास्थल

घटना के बाद पीड़ित लड़की के परिजनों ने रामगढ़ थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रदीप कुमार और एसडीएम समेत कई वरीय अधिकारी रामगढ़ थाना पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 5 वर्षीय मासूम से दरिंदगी: आरोपी गिरफ्तार, बच्ची की हालत बेहद गंभीर

इस मामले में मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान अश्लील गीत बजाने का विरोध करने पर लड़की के साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp