Join Us On WhatsApp

गया जंक्शन पर बड़ा खुलासा! प्लेटफॉर्म नंबर 1 से पकड़ा गया 4 लाख का गांजा

गया जंक्शन पर ऑपरेशन “नारकोश” के तहत बड़ी कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों ने 8.200 किलोग्राम गांजा के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है।

Ganja worth Rs 4 lakh seized from platform number 1 at Gaya
गया जंक्शन पर बड़ा खुलासा! प्लेटफॉर्म नंबर 1 से पकड़ा गया 4 लाख का गांजा- फोटो : Darsh NEWS

गया: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “नारकोश” के तहत गया जंक्शन पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 8.200 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई गुरुवार को गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 बी (दिल्ली छोर) पर की गई। अधिकारियों के अनुसार, पूर्व मध्य रेल के डी.डी.यू. मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया की टीम स्टेशन परिसर में नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास मौजूद थैले व पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से कुल 8.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

यह भी पढ़ें: आज का दिन किसके लिए रहेगा शुभ? पढ़ें मेष से मीन तक का हाल

गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान जाकिर हुसैन दिवान (25 वर्ष) के रूप में बताई है। उसने अपना पता वार्ड संख्या 04, ग्राम बिन्दवासिनी, जिला पर्सा, प्रांत मधेश, नेपाल बताया। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि गांजा रेल मार्ग के जरिए दूसरे शहरों तक पहुंचाया जाना था। घटना के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को राजकीय रेल पुलिस थाना गया को सौंप दिया गया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब तस्करी के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और संभावित नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि रेल मार्ग के जरिए हो रही अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। स्टेशन और ट्रेनों में निगरानी और कड़ी की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp