Join Us On WhatsApp

पटना साइंस सिटी में विज्ञान की नई दुनिया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के राजेंद्र नगर स्थित नवनिर्मित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया और सुविधाओं, प्रदर्शों तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

New world of science in Patna Science City, Chief Minister N
पटना साइंस सिटी में विज्ञान की नई दुनिया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिया जायजा- फोटो : Darsh News

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना के राजेंद्र नगर स्थित नवनिर्मित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया। करीब 21 एकड़ भूमि पर विकसित इस आधुनिक साइंस सिटी के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर, विभिन्न गैलरियों और विज्ञान आधारित प्रदर्शों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां उपस्थित बच्चों से संवाद भी किया और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और उत्साह की सराहना भी की।

यह भी पढ़ें: अररिया में नीलगाय का कहर, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

निरीक्षण के क्रम में भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साइंस सिटी में विज्ञान आधारित कुल पांच अत्याधुनिक गैलरियां स्थापित की गई हैं, जिनमें 269 से अधिक रोचक और ज्ञानवर्धक विज्ञान प्रदर्श मौजूद हैं। इसके अलावा यहां आधुनिक ऑडिटोरियम, 4-डी थियेटर तथा छात्रों और शिक्षकों के लिए डोरमेट्री की सुविधा भी उपलब्ध है, जो इसे देश के प्रमुख विज्ञान केंद्रों में शामिल करती है। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी काफी आकर्षक बनाया गया है। इसे नए तरीके से विकसित किया गया है, जो इसे अन्य विज्ञान केंद्रों से अलग पहचान देती है। उन्होंने कहा कि यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक आधुनिक केंद्र है, जो बच्चों, युवाओं और सभी आयु वर्ग के लोगों को समान रूप से आकर्षित करेगा।

यह भी पढ़ें: सोते रहे दुकानदार, जल गई दुकानें - लाखों का सामान राख

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साइंस सिटी का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता को बढ़ाना है। यहां आने वाले छात्र-छात्राएं विज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं, गतिविधियों और सिद्धांतों को सरल और रोचक तरीके से समझ सकेंगे। इससे न केवल उनके ज्ञान में वृद्धि होगी, बल्कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्हें प्रेरणा भी मिलेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने साइंस सिटी को शिक्षा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

पटना से आलोक कुमार की रिपोर्ट ।

Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp