पटना: बीती शाम राजधानी पटना में आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो जरूर दी लेकिन यह कुछ लोगो के लिए काल के रूप में भी आया। बीती शाम राजधानी पटना में तेज आंधी बारिश की वजह से एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना रूपसपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी रुकनपुरा देवी मंदिर के समीप की है जहां तेज आंधी की वजह से एक निर्माणाधीन पांच मंजिला मकान की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए। दीवार की चपेट में आने से कई लोग जख्मी हो गए जबकि दो लोगों की मौत हो गई। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज आंधी की वजह से निर्माणाधीन मकान के दीवार भड़भड़ा कर गिर गया जिसमें कई लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां सभी का इलाज चल रहा है वहीं डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान तिलकनगर स्थित राजनाथ रेसीडेंसी निवासी 72 वर्षीय त्रिभुवन प्रसाद सिंह और एक फल विक्रेता महिला 45 वर्षीया अनीता देवी के रूप में की गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। लोगों ने बारिश के बीच ही सभी को मलबा से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष शशिभूषण कुमार सिंह ने बताया कि तेज आंधी के कारण दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और निर्माणाधीन भवन की सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है।

पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट