अररिया जिले के फारबिसगंज में हुए बहुचर्चित डबल मर्डर कांड के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह रविवार को पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक नबी हुसैन के अमौना स्थित आवास और रवि चौहान के मटियारी स्थित घर जाकर परिजनों से मुलाकात की तथा गहरी संवेदना व्यक्त की।
सांसद ने इस घटना को “मानवता को शर्मसार करने वाला” बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंताजनक संकेत है। उन्होंने कहा कि घटना के समय मौजूद लोग यदि तत्परता दिखाते तो शायद इस वारदात को रोका जा सकता था, लेकिन दुर्भाग्यवश लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।
यह भी पढ़ें : नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, क्या तय हो गया CM का चेहरा?
मीडिया से बातचीत में सांसद ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की संवेदनशील घटनाओं को गैर-जिम्मेदार तरीके से साझा करना सामाजिक तनाव और दंगा जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें और ऐसी घटनाओं में संवेदनशीलता बरतें।
यह भी पढ़ें : पोस्टर से शुरू हुई सियासत! क्या नीतीश के बाद निशांत संभालेंगे कमान?
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने फारबिसगंज नगर परिषद द्वारा लगाए गए CCTV कैमरों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनकी खराब क्वालिटी के कारण जांच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर अररिया के जिलाधिकारी से शिकायत करने की बात कही। वहीं, पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है। सांसद ने उम्मीद जताई कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।




