पटना: इन दिनों बिहार में विभिन्न जिलों में अवैध निर्माण पर लगातार बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इस बुलडोजर कार्रवाई के दौरान प्रशासन को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में राजधानी पटना में अवैध निर्माण पर कार्रवाई के दौरान लोगों ने नगर निगम और पटना पुलिस पर हमला कर दिया जिसमें एक पुलिस अधिकारी समेत कई लोग जख्मी हो गए हैं। इसके साथ ही लोगों ने नगर निगम के जेसीबी को क्षतिग्रस्त कर दिया है। हालांकि प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझाने की भी कोशिश की कि वे लोग अवैध रूप से जमीन अतिक्रमण कर रह रहे हैं जिसे जल्द से जल्द खाली कर दें अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस पर हमला के आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
मामला राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके के फनीश्वरनाथ रेणु पार्क के समीप की है जहां वर्षों से अतिक्रमण कर बनाये गए झोपड़पट्टी पर बुलडोजर कार्रवाई के लिए नगर निगम की टीम पटना पुलिस के साथ पहुंचे थे। इस दौरान अचानक लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। लोगों का कहना था कि हमलोग यहां लंबे समय से रह रहे हैं। हमलोग कहीं कमरा किराया पर लेने जाते हैं तो कोई नहीं देता है, सड़क किनारे कुछ दुकान खोलने जाते हैं तो पुलिस और नगर निगम के कर्मी डेढ़ सौ रूपये प्रतिदिन के हिसाब से लेते हैं। हम गरीब हैं, तो हम कहाँ जाएँ। पहले सरकार हमारे रहने की व्यवस्था करे फिर हमारे घरों को उजाड़े।
लोगों ने अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान हमला कर दिया जिसमें नगर निगम का बुलडोजर क्षतिग्रस्त हो गया साथ ही पुलिस के अधिकारी, नगर निगम के एक अधिकारी के साथ ही कई अन्य कर्मी भी जख्मी हो गए। मामले में नगर निगम के दंडाधिकारी ने कहा कि ये लोग पार्क के समीप अवैध रूप से अतिक्रमण किये हुए हैं। इन्हें पहले भी जगह खाली करने की नोटिस दी गई थी लेकिन जगह खाली नहीं किये जाने पर आज जब बुलडोजर कार्रवाई की जा रही थी तो लोगों ने हमला कर दिया है जिसमें कई कर्मी जख्मी हो गए हैं। इन लोगों ने हमारे बुलडोजर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। अब हमलावरों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी तथा हमलोग एक बार फिर लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे लोग अतिक्रमित जगह को खाली कर दें अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी लेने के बाद...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट