बिहार विधानसभा में बजट सत्र का आज पांचवां दिन है। कार्यवाही की शुरुआत में सरकार विधायकों के सवालों का जवाब दे रही है। सदन की शुरुआत से पहले विपक्षी विधायकों ने प्रदर्शन कर सरकार पर सवाल उठाए। विपक्ष के विधायकों ने NEET स्टूडेंट की मौत और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पोर्टिको में नारेबाजी की। उन्होंने पोस्टर और प्लेकार्ड लेकर कहा, "रेप, हत्या, किडनैपिंग कब रुकेगी। कानून है, पर डर नहीं। जवाब दो सरकार।"

चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने सांसद की गिरफ्तारी के खिलाफ टी-शर्ट पहनकर प्रदर्शन किया। टी-शर्ट पर लिखा था, "आज जेल होई, कल बेल होई, परसो से वो ही खेल होई।" उन्होंने कहा कि वे पप्पू यादव के साथ खड़े हैं। वहीं कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी गलत है और बिहार में लोकतंत्र की जगह राजतंत्र चल रहा है। आज सदन में बजट 2026-27 पर भी चर्चा होगी। साथ ही बजट 2025-26 का तीसरा सप्लिमेंट्री बजट सदन में पेश किया जाएगा। सभी वित्तीय कार्य सत्र के सेकंड हाफ में निपटाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: तेज प्रताप का बड़ा खुलासा: अनुष्का से कोई संबंध नहीं, बच्चे से रिश्ता नकारा, कहा - मुझे फंसाया जा रहा है!
बता दें कि बजट सत्र के पिछले दिन सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। हेल्थ मिनिस्टर प्रमोद चंद्रवंशी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। वहीं, बजट सत्र के तीसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी बहस भी हुई थी। नीतीश कुमार ने तेजस्वी को डांटते हुए कहा था कि "चुपचाप बैठकर मेरी बातें सुनो।" इस पर तेजस्वी मुस्कुराते दिखे और बोले, "कुछ भी बोलिएगा।" मुख्यमंत्री ने फिर उन्हें डांटकर बैठा दिया। बजट सत्र में आज भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और सवाल-जवाब की प्रक्रिया जारी रहेगी, जिससे सदन की कार्यवाही में हलचल बनी रहेगी।