बिहार के मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। फरदा पूर्वी टोला गांव में रविवार देर रात एक युवक पर सोते समय कुदाल से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार फरदा पूर्वी टोला निवासी सनोज चौधरी अपने घर में रात के समय सो रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला गुड्डू चौधरी कुदाल लेकर उनके घर पहुंचा और सो रहे सनोज पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की मंशा गर्दन पर वार कर हत्या करने की थी, लेकिन सनोज सिर से पैर तक चादर ओढ़कर सोए हुए थे। इसी वजह से आरोपी गर्दन की जगह पैर को ही निशाना बना बैठा। कुदाल का जोरदार वार लगने से सनोज का बायां पैर बुरी तरह जख्मी हो गया।
घायल सनोज की चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को परिजनों की मदद से इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा।
यह भी पढ़ें: गया में अवैध शराब का बड़ा खुलासा, रेलवे सुरक्षा बल ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घायल सनोज और उसके भाई संजीत चौधरी ने बताया कि उनका छोटा भाई विशाल बाहर प्रदेश में मजदूरी करता है। आरोपी गुड्डू भी पहले उसी के साथ काम करता था। आरोप है कि गुड्डू अपनी पत्नी के गायब होने को लेकर विशाल पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश में गुड्डू विशाल को निशाना बनाने आया था, लेकिन पहचान में गलती होने के कारण उसने सनोज पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।