रोहतास: रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कर्मी ने स्टोर के अंदर फाइल के बीच एक जहरीला सांप देखा। कार्यालय में सांप देखे जाने के बाद सभी कर्मी बाहर की तरफ भागे और फिर अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इसके बाद मौके से किसी ने सांप को पकड़ने वाले को मामले की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद इलाके स्नेक कैचर अमरनाथ गुप्ता मौके पर पहुंचे और उन्होंने सांप का रेस्क्यू किया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें - 6 वर्ष बाद जेल से बाहर निकले शरजिल पहुंचे पटना, भाई की शादी में होंगे शामिल..
बताया जा रहा है कि सांप जहरीला था जो कार्यालय में फाइलों के बीच घुस गया था। उसने दो चूहे भी खाए हुए थे जो बाद में उसने बाहर कर दिया। सांप को पकड़ने के बाद स्नेक कैचर ने कहा कि कोबरा प्रजाति का यह सांप बहुत ही जहरीला है और अगर यह किसी को काट ले तथा उसे समय से इलाज न मिले तो उसकी जान भी जा सकती है। इस दौरान उन्होंने मौके पर जमा लोगों से अपील की कि भविष्य में गलती से भी अगर किसी को सांप काट ले तो झाड़ फूंक के चक्कर में न पड़ें और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाएँ जहां सही इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। बाद में उन्होंने सांप को जंगली इलाकों में ले जा कर छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें - टेंडर से लेकर अवैध खनन तक EOU का बड़ा एक्शन, परीक्षा पेपर लीक मामले में भी...
रोहतास से रंजन कुमार की रिपोर्ट




