पटना: बिहार में इन दिनों भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को विशेष निगरानी इकाई ने शिवहर जिला परिषद के उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति के मामले में कई ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उनके ठिकानों से SVU ने करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद किया है। मामले में SVU से मिली जानकारी के अनुसार शिवहर जिला परिषद के उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक बृजेश कुमार ने मुजफ्फरपुर पश्चिमी के अनुमंडल पदाधिकारी रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
मामले में SVU के ADG पंकज दाराद ने बताया कि अधिकारी बृजेश कुमार के विरुद्ध आय से 1.84 करोड़ से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई और मंगलवार को उनके आवास और कार्यालय समेत कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान SVU की टीम ने आय से काफी अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य बरामद किये हैं। इन संपत्ति में अधिकतम संपत्ति उन्होंने अपनी पत्नी के नाम से ले रखे थे।
यह भी पढ़ें - पटना पुलिस ने गुरुग्राम से एक दंपत्ति को किया गिरफ्तार, कारनामे सुन आपके भी उड़ जायेंगे होश...
ADG पंकज दाराद ने कहा कि मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बृजेश कुमार ने अपनी पत्नी के नाम से राजधानी पटना में चार जगहों पर करीब 2.26 करोड़ से भी अधिक राशि के चार अचल संपत्ति ख़रीदे हैं जो कि सगुना मोड़ स्थित ओम गंगा काम्प्लेक्स और प्रगति टावर में तीन दुकान हैं जिसे अधिकारी ने स्वीकार भी किया है। इसके अलावा 21.31 लाख रूपये विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थानों में निवेश के भी साक्ष्य बरामद हुए हैं। इसके साथ ही उन्हें उपहार के रूप में करीब 31.73 लाख रूपये के जमीन का भी साक्ष्य मिला है जिसकी जांच की जा रही है।
ADG पंकज दाराद ने कहा कि जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि उप विकास अधिकारी सह मुख्य कार्यपालक अधिकारी बृजेश कुमार ने सरकारी कर्मियों द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले संपत्ति के ब्योरे में अपनी पत्नी के नाम पर किसी भी संपत्ति का उल्लेख नहीं किया है जबकि इनकी पत्नी के नाम से पांच अचल संपत्ति का पता चला है इसके साथ ही इनके अन्य रिश्तेदारों के नाम से भी कई संपत्ति हैं जिसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें - ममता बनर्जी को टेंशन देगी ओवैसी की पार्टी AIMIM, हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ करेगी गठबंधन
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट




