पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत स्टेशन बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक ज्वैलरी दुकान पर दिनदहाड़े लूटपाट और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना पूजा ज्वैलर्स नामक दुकान में हुई, जहां बदमाशों ने रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार और उसके परिवार के साथ हिंसक हमला किया। दुकान के मालिक संजय कुमार के अनुसार, दो युवक पहले दुकान पर पहुंचे और एक ज्वेलरी लौटाने की बात कहकर पैसे मांगने लगे। जब जांच में पता चला कि वह गहना उनकी दुकान का नहीं है तो उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों युवकों ने रंगदारी की मांग की और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें: होली में घर आना बना मिशन इम्पॉसिबल! ट्रेन फुल, फ्लाइट का किराया सुन उड़ जाएंगे होश
बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद मुख्य आरोपी ने फोन कर करीब 10 अन्य युवकों को बुला लिया। सभी ने मिलकर दुकान में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान संजय कुमार और उनके बेटों के साथ बेरहमी से हाथापाई की गई। बदमाशों ने गले से सोने की चेन छीन ली और काउंटर तोड़कर उसमें रखे लगभग 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने दुकान में रखा गैस सिलेंडर उठाकर कांच के काउंटर पर पटक दिया, जिससे पूरा काउंटर चकनाचूर हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
यह भी पढ़ें: दैनिक राशिफल : जानिए 12 राशियों का दिन कैसा रहेगा, किसे मिलेगी बड़ी सफलता?
घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने बाढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद स्टेशन बाजार के व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।