कटिहार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मनिहारी थाना पुलिस की विशेष टीम द्वारा झारखंड में छापेमारी कर अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाबगंज निवासी जग्गा यादव के रूप में हुई है, जो कई संगीन मामलों में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 16 नवंबर 2025 का है, जब नवाबगंज निवासी कुंदन कुमार ने मनिहारी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि गांव के ही जग्गा यादव और उसके सहयोगी पिछले तीन वर्षों से उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसी विवाद को लेकर बातचीत के दौरान स्थिति हिंसक हो गई।
यह भी पढ़ें : कोलकाता आतंकी हमले में शामिल लश्कर के सदस्य को दिल्ली पुलिस ने दबोचा, 26/11 के मास्टरमाइंड से भी था...
आरोप है कि समझौते के दौरान जग्गा यादव और उसके साथियों ने कुंदन कुमार पर हमला कर दिया। मारपीट के साथ-साथ जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई, जिसमें कुंदन घायल हो गए। इतना ही नहीं, उनके परिजनों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें : नीतीश जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता, CM के MLC पद से इस्तीफा के बाद रोने लगे मंत्री अशोक चौधरी ने कहा...
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और 28 मार्च 2026 को झारखंड के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जग्गा यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कुल आठ केस दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया गया था।
यह भी पढ़ें : बिहार को जल्द मिलेंगे 25 नए IAS, अधिकारियों की समस्या से जूझ रहे राज्य को मिलेगी राहत
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है। इस गिरफ्तारी को कटिहार पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे इलाके में अपराध पर लगाम लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।




