पटना में बढ़ते स्नैचिंग के मामलों पर आखिरकार बड़ी कार्रवाई हुई है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने दो कुख्यात वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर राजधानी में सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। दरअसल, वांछित अभियुक्त अंकित कुमार और आलोक कुमार को छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को गांधी मैदान थाना क्षेत्र से पकड़ा गया, जहां वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित कुमार, विजय राम का पुत्र, हरिजन कॉलोनी (थाना गांधी मैदान, पटना) का निवासी है। वहीं, दूसरा आरोपी आलोक कुमार, अशोक पटेल का पुत्र, सालिमपुर अहरा (थाना गांधी मैदान, पटना) का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें : “इस्तीफे के पीछे क्या है बड़ा खेल? बिहार की राजनीति में मचा हड़कंप!”
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने जैसा चेन, 17,500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद सामान से यह स्पष्ट होता है कि दोनों हाल ही में स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि ये दोनों अपराधी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पटना के कोतवाली, गांधी मैदान और बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्रों में सक्रिय थे। यह गिरोह राह चलते लोगों को निशाना बनाकर गोल्ड चेन, नकदी और मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देता था, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ था।
यह भी पढ़ें : ग्रामीणों की सूचना पर सिवान पुलिस की दबिश, मोटरसाइकिल पर मिली तीन गैस सिलेंडर की कालाबाजारी!
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अंकित कुमार के खिलाफ गांधी मैदान थाना में पहले से दो मामले दर्ज हैं। वहीं, आलोक कुमार के खिलाफ पटना और गया जिले के विभिन्न थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई को राजधानी में बढ़ते अपराध पर बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।




