नालंदा के हिलसा थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां 32 वर्षीय मोबाइल दुकानदार प्रसनजीत कुमार का शव उनके बंद घर में खून से लथपथ पाया गया। मृतक चंडी थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव के अजित प्रसाद के पुत्र थे।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया। साथ ही एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाया गया। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और घटनास्थल से हर महत्वपूर्ण प्रमाण अपने कब्जे में लिया।


परिवार ने हत्या का आरोप मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेम संबंध पर लगाया है। बताया गया कि प्रसनजीत की शादी सात साल पहले हुई थी। शुरूआत में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बाद में पत्नी का किसी अन्य युवक के साथ अफेयर सामने आया। पिछले साल अंत में पत्नी दोनों बच्चों को छोड़कर फरार हो गई थी। उसके बाद प्रसनजीत ने कथित तौर पर दूसरी शादी कर ली।


घटना की जानकारी मोबाइल शोरूम के मालिक अमित कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि प्रसनजीत घर नहीं लौटे, तो उनके छोटे भाई ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण जब खोला तो युवक का शव खून में लथपथ पाया गया।


हिलसा एएसपी शैलजा और थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर ही हत्या का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से जांच शुरू कर दी है।