जहानाबाद जिले में अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला पाली थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ बाजार से लौट रहे एक युवक को अपराधियों ने रास्ते में रोककर गोली मार दी। घायल युवक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो गोलकपुर गांव निवासी नागेश्वर प्रसाद के पुत्र हैं।


घटना के अनुसार, बाइक से अपने घर लौट रहे अशोक कुमार को अचानक बाइक सवार अपराधियों ने रोका और उनके पैर में गोली मार दी। स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, इस वारदात को बाढु यादव नामक व्यक्ति ने अंजाम दिया है, जो कई मामलों में वांछित अपराधी बताया जा रहा है।


घायल अशोक कुमार को परिजन और स्थानीय लोग तुरंत सदर अस्पताल, जहानाबाद लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि गोली पैर में लगी है, और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।


इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस के सक्रिय होने की उम्मीद कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस हरकत में आ गई। हालांकि, पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही कानूनी कार्रवाई शुरू होगी।


पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों की माने तो अपराधियों की बढ़ती हिम्मत और कानून की धीमी कार्रवाई ने सुरक्षा को चुनौती दे दी है।