बांका जिले के झारखंड चेक पोस्ट पर पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6188 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। यह शराब एक तेल टैंकर के अंदर छिपाकर ले जाई जा रही थी, जिस पर *Indian Oil Corporation* का नाम लिखा हुआ था। तस्कर तेल टैंकर की आड़ में शराब की तस्करी कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, बौसी थाना अध्यक्ष पंकज झा को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक संदिग्ध टैंकर बिहार में प्रवेश करने वाला है। इसके बाद झारखंड चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक टैंकर को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसके अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
यह भी पढ़ें: टी20 विश्वकप में महाभिड़ंत ! भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, पाकिस्तान ने चुनी पहले गेंदबाजी
मौके से टैंकर चालक बलवीर पासवान और ऋषि देव पासवान को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी खगड़िया जिले के लोहियानगर चित्रगुप्त नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बौसी थाना अध्यक्ष पंकज झा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इस कार्रवाई को Bihar Police और उत्पाद विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस शराब तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा गिरोह काम कर रहा है और शराब की सप्लाई कहां की जानी थी।