पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां एक बार फिर शातिर बदमाशों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। इस बार लूटपाट की घटना हथियार के बल पर नहीं बल्कि शातिर बदमाशों ने एक नए तरीका से अंजाम दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है वहीं एक संदिग्ध कार को जब्त भी किया है। घटना राजधानी पटना के खगौल फ्लाईओवर के समीप की है। घटना में पीड़ित लोगों ने बताया कि वे लोग सोना कारोबारी हैं और गुजरात से करीब 15 किलो सोना लेकर पटना पहुंचे थे जहां शातिर बदमाशों ने कस्टम अधिकारी बन उनके साथ लूटपाट की।

घटना को लेकर पीड़ित कारोबारी ने बताया कि वे लोग गुजरात के राजकोट से पटना पहुंचे थे और अपने गंतव्य की तरफ जा रहे थे तभी एक कार और दो बाइक पर सवार शातिरों ने उन्हें रोक लिया और अपने आप को कस्टम अधिकारी बता कर सोना जब्त करने की बात कह ले लिया। इस दौरान शातिरों ने एक कारोबारी के चेहरे पर कुछ लगा कर जबरन अपने साथ बैठा लिया जबकि अन्य लोगों को वही छोड़ दिया। पीड़ित कारोबारी ने कहा कि सभी शातिरों ने खाकी रंग के पुलिस की तरह पैंट और सफेद शर्ट पहन रखा था जिससे वह कस्टम के अधिकारी की तरह ही लग रहे थे।

वारदात के बाद सभी अपराधी कार से नौबतपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित महेश ने बताया कि बदमाश पूरी तरह से असली कस्टम अधिकारियों की तरह लग रहे थे, जिससे उन्हें शक नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और नौबतपुर रोड से एक संदिग्ध कार को जब्त किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वही इस मामले पर  खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि अभी आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि कितने की लूट हुई है।

पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट