अररिया: शुक्रवार की देर रात पटना पुलिस ने 1995 के एक मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया जिन्हें शनिवार को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब सोमवार को फिर इस मामले में सुनवाई होगी। सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में अररिया में उनके समर्थकों में आक्रोश देखा जा रहा है। शनिवार की शाम नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के खैरा में पप्पू यादव के समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन किया और सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया।
शनिवार को अररिया के नरपतगंज विधानसभा के खैरा में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के समर्थकों ने सड़क विरोध प्रदर्शन किया। समर्थकों ने बिहार पुलिस और सरकार के विरोध में जम कर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आवागमन बाधित कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर शांत करवाया।
यह भी पढ़ें - अगले चार दिनों तक कैसा रहेगा बिहार में मौसम? ठंड से मिलेगी मुक्ति या अभी और...
विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के समर्थकों ने कहा कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है। पूर्णिया के सांसद अक्सर विभिन्न मुद्दों को उठाते रहते हैं और इस वक्त वह सरकार को एक मामले में लगातार घेर रहे हैं जिसकी वजह से असली मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए पुलिसिया कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक बदले की भवन से प्रेरित है।
यह भी पढ़ें - T-20 वर्ल्ड कप में पहले दिन USA के साथ भिड़ेगी टीम इंडिया, टॉस के बाद...
अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट