Join Us On WhatsApp

कटिहार में पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, वायरल वीडियो से हड़कंप

कटिहार के अमर जवान चौक पर यातायात पुलिस और गृह रक्षक द्वारा बाइक चालकों से अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Police accused of extortion in Katihar
कटिहार में पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, वायरल वीडियो से हड़कंप- फोटो : Darsh NEWS

कटिहार में यातायात पुलिस की कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को उजागर कर दिया, जिसमें वाहन जांच के दौरान बाइक चालकों से खुलेआम पैसे मांगते हुए पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कटिहार के अमर जवान चौक की बताई जा रही है, जहां यातायात पुलिस के एक पदाधिकारी हरि और एक गृह रक्षक पर वाहन जांच के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाइक चालक से 200 रुपये की मांग की जा रही है और पैसे लिए भी जा रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में आक्रोश देखा गया।

यह भी पढ़ें: राजद प्रदेश अध्यक्ष की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती मंगनी लाल मंडल जी

वीडियो के वायरल होते ही कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल जांच के आदेश दिए। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सद्दाम हुसैन के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद सहायक थाना में संबंधित यातायात पुलिस पदाधिकारी और गृह रक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के तहत गृह रक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आरोपी यातायात पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें: 7 लाख की हेरोईन के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर दबोचा गया

यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कानून के नाम पर अवैध वसूली करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की छवि खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरे मामले ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, त्वरित कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि गलत करने वालों पर कानून का शिकंजा कसना तय है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp