बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), पटना की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतर्राज्यीय हेरोईन तस्कर को प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार, पिता दिलीप राय, निवासी समरतपुर, थाना राजापाकड़, जिला वैशाली के रूप में हुई है। यह कार्रवाई जीआरपी थाना क्षेत्र में छापामारी कर की गई।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 35.22 ग्राम हेरोईन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस मामले में जीआरपी थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रोहित कुमार अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है। वह सिलचर (असम) के निवासी अंतर्राज्यीय तस्कर सैयबुर रहमान से हेरोईन लेकर बिहार पहुंचता था और यहां इसकी आपूर्ति करता था।
यह भी पढ़ें : होली से पहले पटना में सनसनी, ट्रक से निकली करोड़ों की विदेशी शराब
पुलिस ने बताया कि इस कांड में कुल तीन लोगों को नामजद किया गया है। सभी आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त हैं। इनका नेटवर्क बिहार और असम सहित कई अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। रोहित कुमार पूर्व में भी असम के होफलॉन्ग इलाके में एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है।
यह भी पढ़ें: जब पति-पत्नी में टूटा भरोसा बना मौत की वजह, गोला रोड पर युवक की बेरहमी से हत्या
बिहार एसटीएफ और एएनटीएफ की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जाएगी, ताकि इस अवैध धंधे पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।