पटना: सोमवार को राजधानी में स्थित पटना विश्वविद्यालय के परिसर में नवनिर्मित भवनों के उद्घाटन के दौरान हंगामा मामले में PUSU अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत 6 नामजद और 30-35 अज्ञात छात्रों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पीरबहोर थाना में पटना सदर के पंचायत राज पदाधिकारी वीरेंद्र चौधरी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। सभी लोगों पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पहले से कार्यक्रम के दौरान हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की करने का आरोप लगाया है।
दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से करीब आधा घंटा पहले छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर के नेतृत्व में करीब 15-20 छात्र कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और कुलपति के समर्थन में हंगामा करने लगे। छात्रों को अधिकारी के स्तर से समझाया जा रहा था लेकिन छात्रों का कहना था कि उन्हें और कुलपति को कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई और न ही शिलापट्ट पर उनका नाम लिखा गया है। हंगामा कर रहे छात्रों को समझाया जा रहा था इसी दौरान करीब 15-20 छात्र और पहुंच गये और सभी लोगों ने जम कर हंगामा तथा सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का मुक्की की जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई है।
यह भी पढ़ें - कांग्रेस आलाकमान के फैसले से नाखुश है बिहार इकाई, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा 'जिलाध्यक्षों की सूची में...'
पीरबहोर थाना की पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर, उनके सहयोगी हिमांशु कुमार, दीपू कुमार, एह्सानुल्लाह रजा, मुख़्तार और अनुराग के विरुद्ध नामजद तथा करीब 30-35 अज्ञात छात्रों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। बता दें कि सोमवार पटना विश्वविद्यालय के परिसर में नवनिर्मित भवन का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर के नेतृत्व में छात्रों ने जम कर हंगामा किया। छात्रों का आरोप था कि कार्यक्रम में उन्हें और विश्वविद्यालय के कुलपति को आमंत्रित नहीं किया गया वहीं शिलापट्ट में उनका नाम भी नहीं लिखा गया।
यह भी पढ़ें - विधानसभा की समितियों में बाहुबली धूमल सिंह और अनंत सिंह भी शामिल, RJD-कांग्रेस के बागी विधायकों को भी मिला...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट




