देश भर के 10 राज्यों के 37 राज्यसभा सीटों पर 9 अप्रैल को सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो जायेगा इससे पहले निर्वाचन आयोग ने चुनाव का एलान कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने बिहार की पांच सीटों पर भी चुनाव की घोषणा की है जिसके बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर से गर्माहट महसूस की जा रही है। बिहार की पांच सीटों में से चार पर जदयू और भाजपा का पहले से ही कब्ज़ा माना जा रहा है जबकि एक सीट पर चुनाव के लिए क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ेगी क्योंकि इस एक सीट के लिए पक्ष या विपक्ष किसी के पास भी पर्याप्त वोट नहीं है।
एक जानकारी के मुताबिक बिहार में एक राज्यसभा सीट के लिए 41 विधायकों की आवश्यकता पड़ेगी और चार सीटों पर चुनाव के बाद पांचवीं सीट के लिए NDA पास मात्र 38 विधायक बचेंगे जबकि विपक्षी खेमे असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के विधायकों को जोड़ने के बाद 41 विधायक होते हैं। अब इस एक सीट पर एक तरफ NDA अपना दावा ठोक रहा है तो दूसरी तरफ राजद ने भी अपना दावा ठोक दिया है। इसके साथ ही लोजपा(रा) भी एक सीट पर अपना दावा ठोक रही है। माना जा रहा है कि इस एक सीट के लिए पक्ष विपक्ष दोनों ही ओवैसी से संपर्क करेंगे और उनसे समर्थन की मांग करेंगे। राज्यसभा की एक सीट के लिए कम पड़ रहे तीन वोटों किसे और कैसे मिलेगा इस पर चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें - तो गलत जानकारी के आधार पर जीत गए ये 42 विधायक? हाई कोर्ट की नोटिस के बाद पक्ष विपक्ष में हड़कंप....
राजनीति में जुगाड़ का भी होता है कमाल
इस मामले में मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि चुनाव की घोषणा कल ही हुई है। बिहार की मीडिया इस मामले में बहुत जल्दी में है। राज्यसभा चुनाव में नेता मिल बैठ कर फैसला लेते हैं और राजनीतिक दलों के बड़े नेता यह तय करते हैं। आज ही यह समाचार में भी आई है कि सभी नेता आपस में बैठ कर बात करेंगे और जो भी सीटें खाली हो रही है उस पर अपने उम्मीदवार तय करेंगे। उन्होंने AIMIM के समर्थन को लेकर कहा कि राजनीति में जुगाड़ भी चलती है तो जो व्यवस्था होगी उसके अनुसार आगे किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने विधायकों के खरीद फरोख्त के सवाल पर कहा कि अब वह दिन लद गए, वह सब नहीं हो सकता है।
शीर्ष नेतृत्व करेगा अंतिम फैसला
वहीं दूसरी तरफ लोजपा(रा) के विधायक दल के नेता राजू तिवारी ने कहा कि पार्टी के नेता अगर चाहें तो राज्यसभा की सीट बहुत बड़ी बात नहीं है। NDA गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व और हमारे नेता चिराग पासवान का जो निर्देश प्राप्त होगा उसके अनुसार हम लोग आगे करेंगे। उन्होंने 19 विधायक होने और राज्यसभा की एक सीट मिलने के सवाल पर कहा कि यह बात अच्छी है लेकिन NDA गठबंधन की एक मर्यादा है। गठबंधन में पांच दल है तो सभी के शीर्ष नेतृत्व बैठेंगे और निर्णय लेंगे।
यह भी पढ़ें - मुस्लिम संगठन के रमज़ान में ‘ड्राई डे’ की मांग के सवाल पर चिराग पासवान ने दिया दो टूक बयान
सभी पांच सीट हमारी
वहीं दूसरी तरफ भाजपा के मंत्री नीरज बबलू ने कहा कि राज्यसभा का सभी पांच सीट हमलोगों की होगी। इस दौरान उन्होंने शराबबंदी की समीक्षा को लेकर सवाल उठाये जाने को लेकर कहा कि अगर सभी दल के नेता मांग कर रहे हैं तो हो जायेगा इसमें कौन सी बड़ी बात है।
एक सीट महागठबंधन का होना निश्चित है
इसके साथ ही राज्यसभा की एक सीट पर राजद भी अपना दावा ठोक रही है। इस मामले में मीडिया से बात करते हुए राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि पांच सीटों पर चुनाव होने जा रहा है, और एक बात तय है कि एक सीट महागठबंधन की होगी तो निश्चित है। उन्होंने एक सीट कैसे संभव है के सवाल पर कहा कि जैसे भी होना होगा, वह होगा। हमारे शीर्ष नेतृत्व ओवैसी से बात करेंगे और सांप्रदायिक शक्तियों को रोकने के लिए वे हमारा साथ देंगे।
यह भी पढ़ें - PUSU चुनाव की प्रक्रिया के साथ ही शुरू हो गई भिड़ंत, पुलिस ने हॉस्टल से 8 छात्रों को...