गया जी: बिहार में शराबबंदी के बाद सूखे नशे और अवैध शराब तस्करी का काफी जोरों पर है। हालांकि पुलिस अवैध नशा कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही है और बरामदगी के साथ ही तस्करों को गिरफ्तार भी कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने गया जी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक तरफ जहां 17 किलो पोपी हस्क के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया जबकि एक अन्य युवक को 40 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों ही गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर गिरोह का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है।
मामले में गया जी आरपीएफ की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार को आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव के नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियान के तहत एक संदिग्ध युवक को पकड़ कर जब पूछताछ और जांच की गई तो उसके बैग से पोपी हस्क बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। फ़िलहाल आरपीएफ की टीम गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर तस्करी के गिरोह का पता लगाने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक सारण जिले के मशरख थाना क्षेत्र के पिलखी गांव निवासी अमित कुमार है।
यह भी पढ़ें - आर्थिक तंगी दूर करने के लिए रची आभूषण दुकान लूटने की साजिश, पकड़े गए सभी 5 आरोपी..
वहीं दूसरी तरफ गया जी रेलवे जंक्शन पर आरपीएफ की टीम ने ऑपरेशन सतर्क के दौरान एक युवक को करीब 22 लीटर बियर और 18 लीर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरपीएफ की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार रेलवे जंक्शन पर स्थित फूट ओवरब्रिज के पूर्वी छोर पर एक युवक संदिग्ध हालत में भारी ट्रॉली बैग लेकर जा रहा था। इस दौरान संदेह होने पर जब उससे पूछताछ की गई और छानबीन की गई तो उसके बैग से बियर और शराब बरामद हुई। गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान नवादा के कुंदन कुमार के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह झारखंड से शराब ला रहा था जिसे बिहार में बेचने वाला था। फ़िलहाल आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - दरभंगा और दानापुर के बाद अब भागलपुर में दिनदहाड़े लूटपाट, पेट्रोल पंप के मालिक से...
गया जी से मनीष कुमार की रिपोर्ट





