पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बिहार भवन निर्माण विभाग की तरफ से नोटिस मिलने के बाद अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है जिसके बाद बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने उसका निरीक्षण किया। मंत्री लखेंद्र पासवान ने आवास के निरीक्षण के बाद कहा था कि भवन पूरी तरह से जर्जर स्थिति में है साथ ही एसी और बेड समेत कई चीजें गायब हैं। इस मामले को लेकर तेज प्रताप यादव ने सोमवार को प्रेस वार्ता किया और बताया कि जब वह बंगला उन्हें आवंटित किया गया था उस वक्त उन्हें कोई सामान नहीं मिला था। उन्होंने खुद ही सारा सामान बाजार से खरीद कर लगाया था और जाते वक्त ले गए। उन्होंने मंत्री को नसीहत दी कि कुर्सी का सम्मान करें, मंत्री बनते ही स्वर्ग न खोजें। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने नीट छात्रा की मौत समेत यूजीसी और अन्य मुद्दों पर भी बातचीत की तथा अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव पर भी तंज कसने से बाज नहीं आये।
अंग्रेजों के जमाने का है सरकारी आवास
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि लखेंद्र पासवान नए नए मंत्री बने हैं तो उन्हें अभी ही स्वर्ग चाहिए। उन्हें चाहिए कि मंत्री की कुर्सी का सम्मान करें और जनता के लिए काम करें। बिहार में अपराध बढ़ा है और जनता के मुद्दों पर काम करना है यह ध्यान नहीं आ रहा है और बंगला में कौन सा सामान गायब है यह दिख रहा है। मैं जब उस बंगला में शिफ्ट हुआ था तो मुझे कोई सामान नहीं दिया गया था, मैंने खुद ही बाजार से खरीदा था तो सारा वहां से निकाल लाया हूँ। मैं वह इंसान नहीं हूँ कि सरकारी सामानों की चोरी कर लूँ। इसके साथ ही उन्होंने छत जर्जर स्थिति में होने के सवाल पर कहा कि जब हम वहां थे तब भी छत झर रहा था। सब अंग्रेज के ज़माने का बना हुआ आवास है, पुराना हो गया है तो झरेगा ही इसमें हम क्या कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें - मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को सिविल कोर्ट से मिली बड़ी राहत, कल ले सकते हैं शपथ...
CBI कर देगी दूध का दूध और पानी का पानी
इस दौरान उन्होंने नीट छात्रा की मौत मामले में बात करते हुए कहा कि इस मामले में अब CBI जांच कर रहा है तो उम्मीद है कि सब सच सामने आ जायेगा। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब यह मामला सामने आया था तभी CBI जांच करवाना चाहिए था तो अब एक महीना बीत जाने के बाद CBI को दिया गया है। खैर अब देर से ही सही, CBI सारे साक्ष्य खोज निकालेगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में तो यह भी सुनने को आया है कि किसी बड़े मंत्री या नेता के बेटे का भी हाथ है इसलिए सरकार धीरे धीरे कार्रवाई कर रही है लेकिन अब देर से सही दुरुस्त आई है।
CM नीतीश की घोषणा को सराहा
इसके साथ तेज प्रताप यादव ने यूजीसी मुद्दे पर कहा कि इस नए रेगुलेशन का मैं समर्थन करता हूँ। आज जो छात्र भी यूजीसी मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें हमारी पार्टी समर्थन कर रही है। इस दौरान उन्होंने बिहार पुलिस की विफलता को लेकर कहा कि इस मामले में जवाब पुलिस और सरकार ही देगी कि आखिर जांच में देरी क्यों हुई और क्या कारण है कि SIT भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी। उन्होंने केंद्रीय बजट को लेकर भी कहा कि बजट ठीक है, जो बिहार की भलाई के लिए सोचेगा हम उसका समर्थन करते हैं। हमने पहले भी कहा है कि हम बिहार की भलाई करने वाले के साथ हैं। इस दौरान उन्होंने बजट पर विपक्ष के के द्वारा बिहार में उद्योग नहीं होने के सवाल पर कहा कि हम तो सत्ता में हैं नहीं, जब होते तो देखते और बिहार में क्या है क्या नहीं है यह सब सरकार देखेगी। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने सीएम नीतीश के अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार के घोषणा को पढ़ते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी बात है, इससे लोगों को रोजगार मिलेगा, उनके घरों में चूल्हा जलेगा, हम इसका भी समर्थन करते हैं।
यह भी पढ़ें - NEET छात्रा के पिता को हाई कोर्ट से लगा बड़ा झटका, मिला एक अलग ही विकल्प...
जयचंद के चक्कर में सिमट गए 25 पर
इस दौरान तेज प्रताप यादव ने केंद्रीय बजट को विपक्ष के द्वारा बिहार को झुनझुना थमाए जाने के सवाल पर कहा कि क्या थमाया गया नहीं थमाया गया ये तो देखना होगा न। उनलोगों को तो पहले खुद को देखना चाहिए कि 25 पर कैसे सिमट गए। जयचंद कैसे हावी होता है, कैसे पार्टी 25 सीट पर सिमट जाती है ये सब उनको देखना होगा। पहले अपना घर बचाएं तब ये सब देखें न। इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव को चोट लगने के सवाल पर कहा कि चोट तो किसी को भी लग सकता है, ये कोई बड़ी बात नहीं है। जयचंद तो सबसे बड़ा चोट हमें ही दिया हुआ है।
सम्राट जी जो कहते थे करें
इस दौरान तेज प्रताप यादव ने बिहार में लगातार घट रही दुष्कर्म की घटनाएं और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर कहा कि जो भी घटनाएं हो रही है पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि आपराधिक घटनाएं केवल बिहार में ही नहीं होती है दूसरे राज्यों में भी होती है। सम्राट जी कहते थे कि सब पर कार्रवाई होगी, सोशल मीडिया पर भी गाली देगा तो कार्रवाई की जाएगी। अन्य राज्यों में तुरंत कार्रवाई की जाती है लेकिन बिहार में सब बचाने में जुट जाते हैं। हम सरकार से अपील करते हैं कि कोई भी मामला सामने आने के बाद तुरंत संज्ञान लेने के बाद उस पर कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें - UGC पर राजधानी में फिर बवाल, सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़क पर उतरे, तोड़ी पुलिस की बैरीकेडिंग...
पटना से विशाल कुमार की रिपोर्ट