पटना: बिहार के पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। बिहार की पांच राज्यसभा सीटों में से चार पर NDA की जीत तय मानी जा रही है जबकि पांचवीं सीट पर महागठबंधन और NDA दोनों ही के पास वोटों की कमी है। इस सीट पर NDA को जीत के लिए क्रॉस वोटिंग की आवश्यकता होगी जबकि महागठबंधन को ओवैसी और मायावती की पार्टी का समर्थन जरुरी होगा। इस बीच अब बिहार की सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई है कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद विधायक पद से इस्तीफा दे कर राज्यसभा जायेंगे। राज्यसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी सुप्रीमो लालू यादव ने केंद्रीय संसदीय बोर्ड और राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक रविवार को बुलाई है।
तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की चर्चा पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पुष्टि नहीं की है। नेताओं ने इस बात से इंकार भी किया है कि तेजस्वी यादव राज्यसभा जा सकते हैं। लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि तेजस्वी राज्यसभा जायेंगे जबकि उनके ही परिवार से किसी को राघोपुर से उपचुनाव में खड़ा किया जायेगा। इस मुद्दे पर अब रविवार की बैठक के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की तरफ से राजद किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। इस मुद्दे पर रविवार को राबड़ी आवास में लालू यादव पार्टी के सभी विधायक, सांसद एवं अन्य अधिकारियों तथा वरीय नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
यह भी पढ़ें - पटना यूनिवर्सिटी चुनाव में बवाल! ID कार्ड पर रोक, थाने के बाहर छात्रों का प्रदर्शन
बता दें कि बिहार की पांच राज्यसभा सीटों में से चार सीट पर NDA की जीत तो तय है लेकिन पांचवीं सीट पर NDA और महागठबंधन ने अपना उम्मीदवार उतारने का पहले ही एलान कर दिया है। इस सीट पर जीत के लिए NDA को क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ेगी तो दूसरी तरफ महागठबंधन को ओवैसी और मायावती की पार्टी का समर्थन। वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर ओवैसी की पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार उतारने के साथ ही राजद से समर्थन माँगा है। अब देखना यह है कि कल की बैठक में महागठबंधन किसे अपना उम्मीदवार बनाती है और चुनावी समीकरण किस तरफ जाती है।
यह भी पढ़ें - सरकार ने खर्चों पर लगाई रोक, 10 मार्च तक सीमित होंगे भुगतान, जानिए क्या-क्या रुका