सुबह की हल्की फुहारों और ठंडी हवा के साथ गुरुवार को पटना में दिन की शुरुआत कुछ अलग ही अंदाज में हुई। आसमान में छाए बादलों के बीच जब बारिश की बूंदें गिरीं तो मौसम अचानक सुहावना हो गया। मार्च की बढती गर्मी से लोगो को राहत मिली।
गुरुवार सुबह पटना के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई और वातावरण में ताजगी बनी रही। कुछ समय तक आसमान में बादल छाए रहे, जिससे धूप भी थोड़ी देर से निकली। सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों को मौसम काफी सुखद महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के अधिकतर हिस्सों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कहीं-कहीं हल्के बादल देखे जा सकते हैं। राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यह भी पढ़ें: महागठबंधन को मिल सकता है AIMIM का साथ, तेजस्वी–AIMIM की बैठक, 48 घंटे में ओवैसी का फैसला
राजधानी पटना में दिन चढ़ने के साथ तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। सुबह की हल्की बारिश के बाद दोपहर के समय तापमान करीब 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि हल्की हवा चलने से मौसम पूरी तरह असहज नहीं रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 13 और 14 मार्च को बिहार में मौसम साफ रहने की संभावना है। इन दिनों तेज धूप निकल सकती है और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: जंग की लपटें रसोई तक: गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़ा देश, होटल-रेस्टोरेंट से लेकर उद्योग तक गहरा संकट
इसके बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 और 16 मार्च को बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम में इस संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि रबी फसलों के लिए यह समय काफी अहम माना जाता है।