8वें वेतन आयोग को लेकर इंतजार कर रहे लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अब तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। हालांकि राहत की खबर जितनी बड़ी है, उतनी ही लंबी प्रतीक्षा अभी बाकी है। सरकार ने संसद में स्पष्ट कर दिया है कि आयोग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन लागू होने की तारीख फिलहाल तय नहीं है।
दरअसल, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को औपचारिक रूप से 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन कर दिया है। यह आयोग सरकारी कर्मचारियों की सैलरी स्ट्रक्चर, भत्तों और पेंशन से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा करेगा। लेकिन सबसे अहम बात यह है कि आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। यानी रिपोर्ट आने में अभी वक्त लगेगा।
यह भी पढ़ें : जेल से निकले और फिर वही अंदाज! अनंत सिंह का घोड़े वाला वीडियो क्यों बना चर्चा का कारण?
संसद में पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने साफ कहा कि 8वां वेतन आयोग कब लागू होगा, यह अभी तय नहीं किया जा सकता। इसकी टाइमलाइन पूरी तरह से आयोग की रिपोर्ट और उस पर सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी। जब रिपोर्ट आएगी और उसे मंजूरी मिलेगी, तभी लागू होने की तारीख का ऐलान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : गैस खत्म, काम खत्म! क्या यही वजह है कि ट्रेनों में उमड़ रही है मजदूरों की भीड़?
इस बीच आयोग ने काम करने का तरीका भी बदल दिया है। पारंपरिक प्रक्रिया के बजाय इस बार ज्यादा भागीदारी वाला मॉडल अपनाया जा रहा है। माईगॉव पोर्टल के जरिए अलग-अलग वर्गों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसमें मंत्रालय, राज्य सरकारें, कर्मचारी, पेंशनर्स, यूनियन, शिक्षाविद और आम लोग भी शामिल हैं।जानकारी के अनुसार, माईगॉव पोर्टल पर 18 महत्वपूर्ण सवाल अपलोड किए गए हैं, जिनके जरिए लोगों की राय ली जा रही है। फीडबैक देने की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 तय की गई है और यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।
यह भी पढ़ें : रील बनाना बना काल ! एक टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी
कुल मिलाकर, 8वें वेतन आयोग को लेकर प्रक्रिया तेज हो चुकी है, लेकिन कर्मचारियों को सैलरी बढ़ोतरी और नए ढांचे के लागू होने के लिए अभी इंतजार करना होगा। सरकार का अगला कदम अब आयोग की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा, जो आने वाले समय में लाखों लोगों की आर्थिक स्थिति पर बड़ा असर डाल सकती है।