चार दिन बाद गंगा से निकला किशोर का शव, फतुहा में हत्या की साजिश
पटना जिले के फतुहा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। चार दिनों से लापता किशोर अमित कुमार का शव आज गंगा नदी से बरामद किया गया। अमित बख्तियारपुर के छत्रपाल नगर का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार, अमित पिछले रविवार को दोस्तों के साथ घर से सबलपुर आया था। इसी दौरान सबलपुर के कुछ स्थानीय युवकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया।
यह भी पढ़ें: जिंदा व्यक्ति का ही कर दिया श्राद्ध, दरोगा की हेराफेरी की कहानी जान आप भी रह जायेंगे दंग
सूत्रों के अनुसार, विवाद के बाद अमित और उसके दोस्त जान बचाने के लिए गंगा नदी की ओर भागे, लेकिन सबलपुर बांसटल के कुछ युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और नदी किनारे मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अमित को गंगा नदी में धकेल दिया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और अमित के अन्य दोस्तों को सुरक्षित बचाया। घटना के तुरंत बाद से नदी थाना पुलिस अमित की तलाश में गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। आज सुबह शव सबलपुर स्थित भुखमरिया ईंट भट्ठा के पास गंगा नदी के किनारे मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार भौकाल नहीं जनसरोकार से चलेगा, डिप्टी सीएम ने तेजस्वी के भाषण पर किया जोरदार पलटवार...
मृतक के चाचा अंकित ने इस घटना को हत्या बताया और आरोप लगाया कि अमित की जानबूझकर ली गई। वहीं, नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना इलाके में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लोगों में डर और आक्रोश है, वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।