BPSC कैलेंडर में TRE-4 नहीं, शिक्षक बोले- सरकार टाल रही भर्ती!
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 2026 तक होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर सोमवार को जारी कर दिया। लेकिन शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए यह कैलेंडर किसी निराशा से कम नहीं है। इसमें TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा का कहीं भी जिक्र नहीं है। अभ्यर्थियों का मानना है कि सरकार इसे जानबूझकर टाल रही है। शिक्षक अभ्यर्थियों ने कहा कि चुनावी वादों और सोशल मीडिया पर किए गए बड़े-बड़े आश्वासनों के बावजूद TRE-4 को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसके विरोध में 16 फरवरी को छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में पटना कॉलेज से बिहार विधानसभा तक आंदोलन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षक अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उनके हाथों में दो पोस्टर देखे गए। एक पोस्टर में जदयू के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया गया था, जिसमें लिखा था कि बिहार में 1 लाख शिक्षकों की भर्ती होगी और TRE-4 जल्द शुरू किया जाएगा। दूसरे पोस्टर में एनडीए सरकार की घोषणाओं का जिक्र था, जिसमें 1.6 लाख शिक्षकों की भर्ती और महिला अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत आरक्षण देने की बात लिखी थी।
यह भी पढ़ें: NEET छात्रा मामले में पुलिस ने लगाये परिजन पर गंभीर आरोप , नहीं करना चाहते थे FIR
BPSC के कैलेंडर में 70वीं, 71वीं और 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CCE), न्यायिक सेवा, APO, तकनीकी और प्रशासनिक पदों सहित 50 से अधिक भर्तियों की संभावित डेट्स दी गई हैं। हालांकि, TRE-4 का नाम पूरी तरह गायब है। इससे शिक्षक अभ्यर्थियों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या सरकार शिक्षक भर्ती को जानबूझकर लटका रही है। छात्र नेता खुशबू पाठक ने कहा कि पिछले दो साल से अभ्यर्थी TRE-4 का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है। उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को पटना में आंदोलन होगा, जिसकी शुरुआत पटना कॉलेज से होगी और विधानसभा तक जाएगी।
यह भी पढ़ें: होली से पहले पटना में सनसनी, ट्रक से निकली करोड़ों की विदेशी शराब
शिक्षक अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार ने पहले एक लाख से ज्यादा शिक्षक पदों की भर्ती का वादा किया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर करीब 26 हजार कर दिया गया। अब हालात ऐसे हैं कि सरकार उतनी वैकेंसी देने को भी तैयार नहीं दिख रही। शिक्षा मंत्री ने हाल ही में कहा था कि बिहार देश का पहला राज्य है, जहां पिछले दो साल में 2.70 लाख शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रोस्टर क्लियरेंस की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन बाकी जिलों से रोस्टर मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया आरक्षण नियमों के तहत पूरी की जाएगी। इस बार लगभग 25 हजार पदों पर भर्ती की उम्मीद है। TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर जारी यह स्थिति शिक्षक अभ्यर्थियों में गहरी नाराजगी पैदा कर रही है और 16 फरवरी को होने वाला आंदोलन इसका बड़ा संकेत माना जा रहा है।